जालोर में महिला से छेड़छाड़ और उसके परिजनों से मारपीट के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर एक समाज के लोगों ने सोमवार को जिला कलेक्ट्रेट के सामने धरना दिया। प्रदर्शन के बाद प्रतिनिधिमंडल ने एसपी शैलेन्द्र सिंह इंदौलियां से मुलाकात कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि घटना के 11 दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं हुई है। जल्द कार्रवाई नहीं होने पर उन्होंने आगामी दिनों में बड़ा प्रदर्शन करने की चेतावनी दी। मामला 18 सितंबर को दोपहर करीब ढाई बजे का है। गांव के ही एक युवक ने महिला के साथ छेड़छाड़ की और चिल्लाने पर लोग इकठ्ठा हो गए। रिपोर्ट में आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने महिला के परिजन के सिर पर लाठी मारी। घायल को गंभीर हालत में जोधपुर रेफर किया गया है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग की।