प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा की ओर से ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ निकाली जा रही है। वडनगर से वाराणसी तक जाने वाली यह यात्रा रविवार को जसोल पहुंची। यहां धार्मिक, सामाजिक और पर्यावरण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा राजस्थान प्रदेश कार्यसमिति सदस्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने यात्रा के स्वागत, रात्रि विश्राम और अन्य कार्यक्रमों की व्यवस्थाएं संभालीं। राणी भटियाणी मंदिर में दर्शन, गैर नृत्य ने बांधा समां रविवार को यात्रा जसोलधाम स्थित श्री राणी भटियाणी मंदिर संस्थान पहुंची। यहां यात्रा में शामिल पदाधिकारियों और युवाओं का स्वागत किया गया। उन्होंने लोक आस्था की देवी श्री राणीसा भटियाणीसा के दर्शन कर आशीर्वाद लिया और देश-प्रदेश की सुख-समृद्धि व जनकल्याण की कामना की। इस दौरान मालाणी की लोक संस्कृति को दर्शाने वाला पारंपरिक गैर नृत्य भी प्रस्तुत किया गया। कलाकारों ने पारंपरिक लोकधुनों पर प्रस्तुति देकर युवाओं और श्रद्धालुओं को क्षेत्र की लोक परंपराओं से परिचित कराया। रात्रि जागरण में शामिल हुए यात्रा के युवा भाद्रपद शुक्ल पक्ष नवमी पर जसोलधाम में रात्रि जागरण आयोजित हुआ। सेवा संकल्प बाइक यात्रा में शामिल पदाधिकारी और युवा भी जागरण में शामिल हुए। इसके बाद यात्रा दल ने जसोल में रात्रि विश्राम किया। नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में हुआ रुद्राभिषेक सोमवार सुबह कार्यक्रमों की शुरुआत श्री नर्बदेश्वर महादेव मंदिर में धार्मिक अनुष्ठान से हुई। हरिशचंद्र सिंह जसोल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। यात्रा में शामिल पदाधिकारी और युवाओं ने भी अनुष्ठान में सहभागिता की। इस दौरान राष्ट्र की उन्नति, समाज में सुख-शांति और जनकल्याण की कामना की गई। शिव तालाब में पौधे लगाए, संरक्षण का लिया संकल्प रुद्राभिषेक के बाद सेवा संकल्प यात्रा के तहत शिव तालाब में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। हरिशचंद्र सिंह जसोल के नेतृत्व में यात्रा के पदाधिकारियों, युवाओं, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पौधे लगाए। आयोजकों ने कहा कि पौधरोपण केवल पौधा लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उसकी नियमित देखभाल और संरक्षण भी जरूरी है। कार्यक्रम में सर्व समाज जसोल के प्रबुद्धजन, ग्रामीण और भाजपा व भाजयुमो के स्थानीय पदाधिकारी-कार्यकर्ता मौजूद रहे। अस्पतालों में सेवा वाटिका और सामाजिक जागरूकता के कार्यक्रम भाजयुमो प्रदेश महामंत्री एवं यात्रा के बालोतरा रूट प्रभारी ऋषि केश मीणा ने बताया कि यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर अस्पतालों में 25-25 पौधे लगाकर सेवा वाटिकाएं विकसित करने, स्वच्छता अभियान, रक्तदान, गौशाला सेवा और अनाथालय-वृद्धाश्रमों में सेवा जैसे कार्यक्रम किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान जल संरक्षण, नशामुक्ति, टीबी मुक्त भारत, प्लास्टिक मुक्त भारत, सड़क सुरक्षा, साइबर सुरक्षा, महिला स्वास्थ्य और अंगदान जैसे विषयों पर भी जनजागरूकता कार्यक्रम किए जा रहे हैं। हरिशचंद्र सिंह जसोल बोले- सेवा और पर्यावरण संरक्षण से युवाओं को जोड़ना उद्देश्य हरिशचंद्र सिंह जसोल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सार्वजनिक जीवन सेवा, जनभागीदारी और विकास के संकल्प से जुड़ा रहा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी जैसे विषयों पर युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों से जोड़ने की दिशा में सेवा संकल्प यात्रा काम कर रही है। उन्होंने कहा कि शिव तालाब में लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यात्रा में शामिल पदाधिकारियों और युवाओं का जसोल पहुंचने पर स्वागत किया और आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दीं।