झालावाड़ में आंगनबाड़ी केंद्रों पर मिलन सेवा समारोह हुए। इन कार्यक्रमों में गर्भवती महिलाओं, छोटे बच्चों और अभिभावकों को स्वास्थ्य, पोषण और बच्चों के शारीरिक-मानसिक विकास की जानकारी दी गई। गेहूखेड़ी के आंगनबाड़ी केंद्र पर आयुर्वेद डॉक्टर सोनिका मीणा ने महिलाओं को आयुर्वेद के हिसाब से दिनचर्या और उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं के बारे में बताया। उन्होंने बच्चों के सही विकास के लिए संतुलित पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को जरूरी बताया। केंद्र प्रभारी सिब्बा रानी और सुरेखा सोनी ने बताया कि प्रधानमंत्री के 25 साल पूरे होने पर 'विकसित भारत जन सेवा अभियान' के तहत खेलकूद और चित्रकला जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। आशा सहयोगिनियों को उनके योगदान के लिए सम्मानित भी किया गया। असनावर ग्राम पंचायत में भी ब्लॉक स्तर पर आंगन मिलन कार्यक्रम हुआ। इसमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी, सहायिकाएं और कई विभागों के अधिकारी शामिल हुए। अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं के काम की तारीफ करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र और पौधे दिए। जरूरतमंद महिलाओं को सरकारी योजनाओं का फायदा लेने के लिए जागरूक भी किया गया।