झालावाड़ शहर के बस स्टैंड के पास देर रात एक युवक पर तलवार से हमला किया गया। हमले में झालावाड़ निवासी जितेंद्र शर्मा घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए एसआरजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायल जितेंद्र शर्मा ने बताया कि उनकी अपने दोस्त गोपाल माली से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद बढ़ने पर गोपाल ने पीछे से तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में जितेंद्र के हाथ और शरीर के दूसरे हिस्सों में चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे। वे घायल युवक को एसआरजी अस्पताल ले गए। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस भी जांच में जुट गई है। कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी गोपाल माली को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। झालावाड़ कोतवाली सीआई मुकेश कुमार मीणा ने बताया कि शुरुआती जांच में घायल युवक और आरोपी के बीच दोस्ती सामने आई है। पुलिस फिलहाल आपसी विवाद के कारणों और हमले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पुलिस ने जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।