झालावाड़ के पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना की चारों इकाइयों ने मिलकर दिवेर विजय महोत्सव के तहत खंड स्तरीय भाषण प्रतियोगिता आयोजित की। यह प्रतियोगिता शनिवार दोपहर हुई, जिसका विषय 'विजय योद्धा एवं कुशल प्रशासक के रूप में महाराणा प्रताप' था। इसमें स्टूडेंट्स ने महाराणा प्रताप के शौर्य, संघर्ष, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कुशलता पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने बताया कि महाराणा प्रताप सिर्फ साहसी और स्वाभिमानी ही नहीं, बल्कि कुशल रणनीतिकार और प्रशासक भी थे। उनके जीवन से संघर्ष के समय धैर्य, नेतृत्व और राष्ट्रहित को सबसे ऊपर रखने की प्रेरणा मिलती है। आरती सुमन ने जीता पहला स्थान प्रतियोगिता में आरती सुमन ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि नवीका वैष्णव दूसरे और अयान खान तीसरे स्थान पर रहे। ये विजेता प्रतिभागी 15 सितंबर को होने वाली जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में कॉलेज का प्रतिनिधित्व करेंगे। जिला स्तर पर पहले तीन स्थान पर आने वाले प्रतिभागियों को 17-18 सितंबर को कोटा में होने वाली संभाग स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में भाग लेने का मौका मिलेगा। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज के प्रिंसिपल प्रो. रामकल्याण मीणा ने की। प्रतियोगिता में इतिहास विभागाध्यक्ष प्रो. इकबाल, भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. हमीद अहमद और डॉ. ओमप्रकाश बैरवा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन उर्दू विभागाध्यक्ष फहीमुद्दीन टोंकी ने किया। इस अवसर पर राष्ट्रीय सेवा योजना के कार्यक्रम अधिकारी भूपेन्द्र सिंह, अरुण कुमार जाजोरियां और सोनू खंडेलवाल सहित प्रो. विजय प्रकाश मीना, डॉ. बालमुकुंद मीना, अर्चना मीना, कान्हाराम, अखलेश कुमार मीना, सभी संकाय सदस्य और स्टूडेंट्स मौजूद रहे।