आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर झालावाड़ जिला कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। रविवार को गांधी भवन स्थित जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिले की सभी आठ पंचायत समितियों में प्रधान और जिला प्रमुख बनाने की रणनीति पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के जिला प्रभारी विधायक डूंगरमल गैदर और सहप्रभारी शिवकांत नंदवाना सहित पार्टी के पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। कांग्रेस नेताओं ने निकाय चुनावों में मिली जीत से कार्यकर्ताओं में उत्साह बताते हुए आगामी चुनाव पूरी मजबूती से लड़ने और जिले में पार्टी का परचम फहराने का दावा किया। आठों पंचायत समितियों में प्रधान बनाने का लक्ष्य जिला कांग्रेस अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह गुर्जर ने कहा कि कांग्रेस आगामी पंचायती राज चुनाव पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी। पार्टी का लक्ष्य जिले की सभी आठ पंचायत समितियों में प्रधान बनाने के साथ जिला प्रमुख का पद हासिल करना है। उन्होंने दावा किया कि जिले में कांग्रेस के पक्ष में माहौल है और निकाय चुनावों में मिली जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा है। उन्होंने चुनावों के लिए संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया। नेताओं ने जताया जीत का भरोसा बैठक में जिला प्रभारी विधायक डूंगरमल गैदर और विधायक सुरेश गुर्जर ने भी आगामी पंचायती राज चुनावों में कांग्रेस की जीत का भरोसा जताया। नेताओं ने चुनावी तैयारियों को लेकर चर्चा की और पार्टी को मजबूत बनाने के लिए एकजुट होकर काम करने का संदेश दिया। बैठक में मौजूद पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भी चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाने पर जोर दिया। वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद बैठक में प्रदेश कांग्रेस सचिव वीरेंद्र सिंह झाला, चन्दर सिंह राणा, देवकीनन्दन वर्मा, मोहम्मद सिद्दीक गौरी, विधानसभा प्रत्याशी नेमीचन्द मीणा, रामलाल चौहान, चेतराज गहलोत, नगरपरिषद सभापति राजेश गुर्जर, उपसभापति फारूख अहमद, जिला सेवादल अध्यक्ष डॉ. नन्दसिंह राठौड़, महिला कांग्रेस अध्यक्ष वर्षा शर्मा, जी.एम. सैय्यद, ब्लॉक अध्यक्ष रोडसिंह परमार, पूरीलाल दांगी, इम्तियाज हुसैन, मोहनलाल मेघवाल, ललित राठौड़, शिवराज गुर्जर, महेन्द्र सिंह झाला और नफीस शेख सहित जिले के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का संचालन कांग्रेस प्रवक्ता ओम पाठक ने किया।