झालावाड़ में विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत लगाए जा रहे सेवा सेतु शिविर लोगों की राजस्व संबंधी समस्याओं को तुरंत सुलझा रहे हैं। इसी कड़ी में शनिवार को ग्राम पंचायत कनवाड़ा में उपखंड अधिकारी सोनू कुमारी की अध्यक्षता में एक शिविर लगा। इस शिविर में कनवाड़ा निवासी श्यामबाई ने शामलाती भूमि के बंटवारे के लिए आवेदन किया। राजस्व टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूसरी सहखातेदार देवकीबाई को भी मौके पर बुलाया। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बात कर आपसी सहमति से भूमि बंटवारे की प्रक्रिया पूरी करने के लिए समझाया। टीम के प्रयासों से दोनों सहखातेदारों के बीच सहमति बन गई। इसके बाद ग्राम कनवाड़ा में कुल 3.6797 हेक्टेयर भूमि का सहमति विभाजन पत्र मौके पर ही तैयार किया गया। प्रकरण का शिविर में ही निपटारा हो गया, जिससे श्यामबाई को बार-बार दफ्तरों के चक्कर लगाने से राहत मिली। उन्होंने सरकार और प्रशासन का आभार जताया।