झालावाड़ जिले की सारोला कलां थाना पुलिस ने खेतों से तांबे की बिजली केबल चोरी के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 210 फीट चोरी की केबल और वारदात में इस्तेमाल बाइक जब्त की है। गिरफ्तार आरोपी का नाम राजेंद्र सिंह (42) है, जो नागौर के असावरी का रहने वाला है। उसने पूछताछ में सारोला, खानपुर, पनवाड़ और असनावर थाना क्षेत्रों में कई जगहों से तांबे की केबल और पानी की मोटर चोरी करना कबूल किया है। एसपी अमित कुमार ने बताया कि 27 सितंबर को सारोला थाना क्षेत्र के उमरिया गांव के एक खेत से ट्यूबवेल के बिजली कनेक्शन की केबल चोरी हुई थी। आसपास के 2-3 अन्य खेतों से भी ऐसी ही वारदातें सामने आई थीं। चोरी की घटनाओं को रोकने के लिए एएसपी भागचंद मीणा और खानपुर वृत्ताधिकारी गरिमा जिंदल के सुपरविजन में टीम बनाई गई थी। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह चोरी की केबल कहां बेचता था।