झालावाड़ में पुलिस विभाग और भारत विकास परिषद ने मिलकर कंजर समुदाय को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की पहल की है। 'कंजर सामुदायिक उत्थान अभियान' के तहत रलायती गांव की कंजर बस्ती में परिवारों को कपड़े, खिलौने, किताबें, कॉपियां, पेन-पेंसिल और कलर जैसी शिक्षण सामग्री बांटी गई। एक छोटे बच्चे के लिए पालना भी दिया गया। यह पहल एसपी अमित कुमार की देखरेख में हुई। भारत विकास परिषद की टीम पुलिस विभाग के साथ बस्ती पहुंची। एएसआई मदनलाल गुर्जर और हेड कॉन्स्टेबल बाबूलाल ने परिवारों को जरूरत के हिसाब से सामान बांटा। इस दौरान परिषद के सदस्यों ने बच्चों और उनके परिवारों से बातचीत कर उनकी जरूरतें समझने की कोशिश की। इस कार्यक्रम में भारत विकास परिषद के प्रांतीय उपाध्यक्ष मनोज शर्मा, अध्यक्ष डॉ. सीताराम पाटीदार, सेवा संयोजक प्रवीण भाटिया, कार्यक्रम संयोजिका डॉ. राजुल गोयल, महिला सहभागिता संयोजिका सरिता शर्मा, कोषाध्यक्ष बृजमोहन शर्मा, सचिव दीपक सिंह रौतेला और सदस्य धीरज जोशी सहित कई अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया। नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई परिषद के पदाधिकारियों ने बस्ती के लोगों को नशे की आदत छोड़ने और सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए समझाया। प्रवीण भाटिया ने उन्हें नशे से दूर रहने की शपथ भी दिलाई। उन्होंने कहा कि समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए शिक्षा, जागरूकता और अच्छा माहौल बहुत जरूरी है। परिषद के सदस्यों ने बताया कि जरूरतमंद परिवारों की मदद का यह प्रयास सिर्फ एक कार्यक्रम तक ही नहीं रुकेगा। समय-समय पर बस्ती में पहुंचकर परिवारों की जरूरत के हिसाब से मदद देने की कोशिश की जाएगी। इसका मकसद है कि समुदाय के बच्चों को पढ़ाई के अच्छे मौके मिलें और परिवार इज्जत के साथ जीवन जी सकें। भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. सीताराम पाटीदार ने कहा कि परिषद ऐसे समाज सेवा से जुड़े कार्यक्रम लगातार करती रहेगी, ताकि कंजर समुदाय के परिवारों को सहयोग और हौसला मिले और वे समाज की मुख्यधारा में सम्मान के साथ आगे बढ़ सकें।