झालावाड़ के उमरिया के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल की छात्रा रवीना गुर्जर ने ब्लॉक स्तरीय निबंध प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। ‘मेरे सपनों का भारत/विकसित भारत’ विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में रवीना ने अपने निबंध के जरिए विकसित भारत की कल्पना और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी, अकलेरा ने प्रतियोगिता के परिणाम जारी किए। रिषिका गुर्जर ने हासिल किया दूसरा स्थान प्रतियोगिता में राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल बैरागढ़ की छात्रा रिषिका गुर्जर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों को प्रतियोगिता के माध्यम से अपनी कल्पनाशक्ति, विचारों और लेखन कौशल के जरिए भविष्य के भारत की तस्वीर प्रस्तुत करने का अवसर मिला। रवीना के विचारों और लेखन शैली को निर्णायकों ने सराहा। सीमावर्ती क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन स्कूल के अध्यापक शोएब खान ने बताया कि उमरिया स्कूल झालावाड़ जिले के आखिरी छोर पर स्थित है। कई चुनौतियों के बावजूद प्रिंसिपल संदीप वर्मा और शिक्षक छात्रों के शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। स्कूल पिछले पांच सालों से लगातार प्रगति कर रहा है और कक्षा 10वीं व 12वीं का बोर्ड परीक्षा परिणाम भी हमेशा शत-प्रतिशत रहा है। स्कूल परिवार ने जताई खुशी रवीना की उपलब्धि पर स्कूल परिवार ने खुशी जताते हुए उसे बधाई दी। संस्था प्रधान, शिक्षकगण और समस्त स्टाफ ने कहा कि यह सफलता छात्रा की मेहनत, लगन, रचनात्मक सोच और लेखन प्रतिभा का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में आगे बढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं। ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल करना रवीना के साथ-साथ उसके परिवार और स्कूल के लिए गौरव का विषय है।