झालावाड़ के एसआरजी और एसएचकेबीएम अस्पताल के कर्मचारियों को अगस्त और सितंबर का वेतन अब तक नहीं मिला है। इससे परेशान होकर कर्मचारियों ने मेडिकल सुपरीटेंडेंट अशोक शर्मा को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने जल्द वेतन भुगतान और हर महीने की 1 से 5 तारीख के बीच वेतन देने की मांग की है। कर्मचारी महासंघ ने बताया कि वेतन न मिलने से उन्हें आर्थिक दिक्कतें हो रही हैं। कई कर्मचारियों की लोन की किस्तें और घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। उनका आरोप है कि प्रशासन को कई बार बताने के बाद भी बजट या तकनीकी समस्या बताकर वेतन रोका जा रहा है। एरियर और अन्य भत्ते भी नहीं मिले हैं। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि अगर 11 अक्टूबर तक वेतन नहीं मिलता, तो वे 12 अक्टूबर से रोजाना 2 घंटे काम बंद रखेंगे। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को होने वाली परेशानी के लिए स्थानीय चिकित्सा प्रशासन ही जिम्मेदार होगा। इस दौरान नर्सेज संघ, फार्मासिस्ट संघ समेत कई कर्मचारी मौजूद रहे।