झालावाड़ के गोगामेड़ी टोल प्लाजा पर 22 सितंबर की रात टोलकर्मी कारूलाल नागर की धारदार हथियारों से हत्या कर दी गई थी। इस मामले में धाकड़ समाज में गुस्सा है। समाज ने पीड़ित परिवार के लिए एक करोड़ रुपए मुआवजे और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। धाकड़ महासभा सुनेल क्षेत्र के 80 गांव के अध्यक्ष बिरधीलाल नागर सिरपोई की अगुवाई में समाज के प्रतिनिधियों ने जिला कलेक्टर अजय सिंह और एसपी अमित कुमार को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इसमें बताया गया कि चाकूबाजी की घटना में कारूलाल नागर की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ। ज्ञापन में दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई, जांच की निगरानी, परिवार को मुफ्त कानूनी सहायता और सुरक्षा देने की मांग की गई। साथ ही, घायल युवक को सही इलाज दिलाने की भी बात कही गई। समाज ने मुख्यमंत्री से मामले में तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है।