झालावाड़ के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय तोपखाना में रक्षाबंधन पर्व पर एक अनूठी गतिविधि का आयोजन किया गया। इसमें बच्चों ने मानव श्रृंखला बनाकर एक विशाल राखी की आकर्षक आकृति तैयार की और भाईचारे का संदेश दिया। 'राखी बनो' नामक इस गतिविधि में स्कूल के छोटे बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्होंने एक-दूसरे का हाथ थामकर एकता, प्रेम और सामाजिक सौहार्द का प्रदर्शन किया। इस दौरान स्कूल परिसर में उत्सव जैसा माहौल था। गतिविधि के माध्यम से छात्रों ने यह संदेश दिया कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते तक सीमित नहीं है। यह पर्व आपसी विश्वास, प्रेम, सहयोग और एक-दूसरे की सुरक्षा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। भारतीय संस्कृति और परंपराओं जोड़ना उद्देश्य स्कूल प्रिंसिपल पूनम सेंगर ने बताया कि इस गतिविधि का उद्देश्य बच्चों को रक्षाबंधन के महत्व से जोड़ना था। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ छात्रों को भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना भी आवश्यक है, क्योंकि ऐसी गतिविधियां उन्हें अपनी संस्कृति को समझने का अवसर देती हैं। उत्सव प्रभारी प्रतिभा शर्मा और हंसा कठैत ने बताया कि गतिविधि का मुख्य उद्देश्य बच्चों को भारतीय परंपराओं और त्योहारों के सामाजिक महत्व से परिचित कराना था। उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन के रक्षासूत्र की भावना को मानव श्रृंखला के माध्यम से प्रस्तुत किया गया, जो समाज में आपसी सहयोग और भाईचारे को मजबूत करने का संदेश देता है।