झुंझुनूं नगर परिषद में बुधवार को नवनिर्वाचित सभापति अब्दुल्ला अगवान और उपसभापति वीरेंद्र डारा ने विधिवत रूप से पदभार संभाला। इस मौके पर सभापति अब्दुल्ला अगवान ने कहा कि सभापति की कुर्सी उनके लिए पद नहीं, बल्कि झुंझुनूं की जनता की अमानत है। उन्होंने कहा- हर वार्ड मेरा वार्ड है, हर समाज मेरा समाज है और हर नागरिक मेरा अपना है। जनता ने जिस भरोसे के साथ मुझे यह जिम्मेदारी दी है, उस पर खरा उतरूंगा। शहर में सफाई, रोशनी, सड़क और नाली जैसी मूलभूत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। उन्होंने अपने संबोधन की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री पद्मश्री शीशराम ओला को नमन करते हुए की। अगवान ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि 5 साल बाद जब पीछे मुड़कर देखें तो गर्व से कह सकें कि झुंझुनूं बदला है और आगे बढ़ा है। सांसद ओला बोले- हमने काम कर दिया, अब आपकी बारी कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने नवनिर्वाचित बोर्ड को शुभकामनाएं देते हुए जिम्मेदारियों का अहसास कराया। उन्होंने कहा- हमने अपना काम कर दिया है, अब आपकी बारी है। उन्होंने कहा कि अब नवनिर्वाचित सभापति और उपसभापति शहर की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें। उपसभापति बोले- 10 दिन में दिखेगा शहर में बदलाव नवनिर्वाचित उपसभापति वीरेंद्र डारा ने शहरवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि अगले 10 दिनों के भीतर शहर की व्यवस्थाओं और सफाई में धरातल पर बदलाव नजर आने लगेगा। समारोह के दौरान कांग्रेस नेता अमित ओला का बगड़ नगर पालिका अध्यक्ष को लेकर दिया गया बयान भी चर्चा का केंद्र रहा। उन्होंने कहा कि जो दादाजी और पिताजी के समय नहीं हो पाया, वह हमारे समय में हो गया, यह एक सुखद संयोग है। इनकी रही मौजूदगी कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व सभापति नगमा बानो ने की। इस अवसर पर पूर्व जिला प्रमुख राजबाला ओला, अमित ओला, बगड़ नगर पालिका अध्यक्ष राकेश शर्मा, सुलताना नगर पालिका अध्यक्ष, पूर्व जिला अध्यक्ष महेंद्र झाझड़िया, पूर्व चेयरमैन तैयब अली सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पार्षद और कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे। अब देखिए तस्वीरें