झुंझुनूं के राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय दुलचास के प्रधानाध्यापक संदीप चाहर को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया गया है। कुरुक्षेत्र में शिक्षा सागर फाउंडेशन की ओर से आयोजित राष्ट्रीय शैक्षिक संगोष्ठी एवं राष्ट्रीय नवाचारी शिक्षक सम्मान-2026 में उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों और रचनात्मक गतिविधियों के लिए सम्मान प्रदान किया गया। नेशनल लेवल पर मिला सम्मान कार्यक्रम में देश के 26 राज्यों से करीब 200 शिक्षक एवं शिक्षाविद शामिल हुए। इस दौरान शिक्षा के क्षेत्र में नए प्रयोग करने, विद्यार्थियों को पढ़ाई से जोड़ने और विद्यालय में बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया। इसी क्रम में प्रधानाध्यापक संदीप चाहर का चयन राष्ट्रीय सम्मान के लिए किया गया। स्मार्ट क्लास और वाईफाई संदीप चाहर ने भामाशाहों एवं सहयोगियों के सहयोग से विद्यालय में कंप्यूटर लैब, पुस्तकालय, सीसीटीवी कैमरे, स्मार्ट कक्षा-कक्ष और वाई-फाई जैसी सुविधाएं विकसित की। राष्ट्रीय सम्मान मिलने पर प्रधानाध्यापक संदीप चाहर ने इसे विद्यालय के विद्यार्थियों, शिक्षकों और भामाशाहों को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में किए गए काम सामूहिक प्रयासों का परिणाम हैं।