वेब सीरीज ‘पंचायत’ के सचिव जी यानी एक्टर जितेंद्र कुमार आज सुबह मुंबई से जयपुर एयरपोर्ट पहुंचे। वे अपनी आगामी फिल्म ‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ की शूटिंग के लिए आए हैं। एयरपोर्ट से वे सड़क मार्ग से शूटिंग के लिए मंडावा रवाना हो गए। इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट पर वे बिना तामझाम के एकदम सादे लुक में नजर आए। इसके बाद भी फैन्स ने उन्हें पहचान लिया। बता दें कि जितेंद्र कुमार का राजस्थान से भी खास रिश्ता है। वे अलवर से हैं। हाल में वे फिल्म मिर्जापुर में बबलू पंडित के किरदार में नजर आए है। देखिए एयरपोर्ट के फोटोज… रिश्तों और प्रेम की कहानी ‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ मंडावा के डेजर्ट रिसॉर्ट में आज फिल्म ‘टेढ़ी हैं पर मेरी हैं’ का मुहूर्त शूट है। इसके साथ ही राजस्थान में फिल्म के करीब 45 दिन के शूटिंग शेड्यूल की शुरुआत होगी। रोमांटिक कॉमेडी शैली की इस फिल्म में जितेंद्र कुमार के साथ अभिनेत्री और रेडियो जॉकी महवश मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म में जितेंद्र गुलाब और महवश नगमा के किरदार में हैं। फिल्म की कहानी दो ऐसे किरदारों के इर्द-गिर्द बुनी गई है, जिनके रिश्ते और प्रेम को हल्के-फुल्के, हास्य और भावनात्मक अंदाज में पर्दे पर पेश किया जाएगा। मंडावा में होगा पहला मुहूर्त शूट राजस्थान के शेखावाटी अंचल का मंडावा लंबे समय से फिल्मों और वेब सीरीज की शूटिंग के लिए पसंद किया जाता रहा है। यहां की हवेलियां, पारंपरिक वास्तुकला, गलियां और रेगिस्तानी परिवेश फिल्मकारों को अलग तरह का दृश्य संसार देते हैं। अब जितेंद्र कुमार की इस नई फिल्म की शूटिंग भी मंडावा से शुरू हो रही है। रेमो डिसूजा कर रहे फिल्म को प्रजेंट इस फिल्म को रेमो डिसूजा प्रजेंट कर रहे हैं। फिल्म का निर्देशन जयेश प्रधान कर रहे हैं, जबकि कहानी प्रदीप सिंह ने लिखी है। फिल्म का निर्माण क्यूरी स्टूडियो के विशाल त्यागी कर रहे हैं। फिल्म में जितेंद्र और महवश के अलावा गीता अग्रवाल, जाकिर हुसैन, रजा मुराद, आकांक्षा सिंह, आरिफ जकरिया, सदानंद वर्मा और योगेश त्रिपाठी जैसे कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगे। इससे फिल्म में हास्य के साथ अनुभवी कलाकारों की मौजूदगी भी देखने को मिलेगी। ‘सचिव जी’ से घर-घर पहुंचे जितेंद्र जितेंद्र कुमार की पहचान आज सिर्फ फिल्म अभिनेता के तौर पर नहीं, बल्कि ओटीटी के लोकप्रिय कलाकार के रूप में भी है। ‘पंचायत’ में अभिषेक त्रिपाठी उर्फ सचिव जी के किरदार ने उन्हें देशभर में घर-घर तक पहुंचाया। गांव की पृष्ठभूमि में बनी इस सीरीज में एक इंजीनियरिंग ग्रेजुएट युवक के पंचायत सचिव बनने और गांव की परिस्थितियों के बीच खुद को ढालने की कहानी दिखाई गई है। जितेंद्र ने इस किरदार को सहज और आम आदमी के अंदाज में निभाया, जिससे यह किरदार दर्शकों के बीच खासा लोकप्रिय हुआ। इसके अलावा जितेंद्र कुमार ‘कोटा फैक्ट्री’, ‘शुभ मंगल ज्यादा सावधान’ सहित कई फिल्मों और वेब प्रोजेक्ट्स में नजर आ चुके हैं। ‘द वायरल फीवर’ से जुड़े डिजिटल कंटेंट के जरिए उन्होंने शुरुआती दौर में युवाओं के बीच अपनी अलग पहचान बनाई। इंजीनियरिंग की पढ़ाई के बाद अभिनय की दुनिया में आने वाले जितेंद्र ने डिजिटल माध्यम से लेकर फिल्मों तक अपने अभिनय का दायरा बढ़ाया है।