जोधपुर के बोरानाडा थाना क्षेत्र में देर रात सरपंच प्रत्याशी के समर्थन में चुनावी सभा कर लौट रहे भाजपा नेता पर हमले का मामला सामने आया है। बदमाशों ने भाजपा नेता की फॉर्च्युनर कार को कैंपर और पिकअप गाड़ियों से टक्कर मारी। इस दौरान भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह पाल ने थाने में गाड़ी ले जाकर जान बचाई। भाजपा नेता की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश कर रही है। विपक्षी सरपंच प्रत्याशी के परिवार पर हमले का आरोप घटना देर रात करीब सवा 10 बजे बोरानाडा हाईवे के पास की है। रिपोर्ट के अनुसार भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह देवासियों की ढाणी में सरपंच प्रत्याशी गुमानाराम देवासी की सभा में शामिल होकर लौट रहे थे। इसी दौरान बोरानाडा हाईवे पर करीब 5 से 6 कैंपर गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। बदमाशों ने भाजपा नेता की गाड़ी को टक्कर मारी। उस दौरान वह जैसे-तैसे करके बोरानाडा थाने की तरफ भाग निकले, बदमाशों ने भाजपा नेता की गाड़ी का काफी दूर तक पीछा भी किया, हालांकि बाद में भाग गए। पुलिस जांच में जुटी मामले में भाजपा नेता वीरेंद्र प्रताप सिंह पाल ने विपक्षी उम्मीदवार सरपंच प्रत्याशी रावत राम बिजारिया के परिवार के लोगों पर हमले का आरोप लगाया है। उन्होंने थाने में रावत राम के भतीजे शेरसिंह सहित अन्य लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। वीरेंद्र प्रताप सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व में भी उन्हें सरपंच चुनाव में प्रचार नहीं करने को लेकर धमकियां दी गई थी। इधर मामला सामने आने के बाद बोरानाडा थाना पुलिस जांच में जुटी है।