जोधपुर में कार का कांच तोड़कर 2.50 लाख पार करने वाले तीन बदमाशों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल की पैसेंजर टैक्सी भी जब्त की है। सरदारपुरा थाना क्षेत्र में नेहरू पार्क के पास खड़ी कार 1 अक्टूबर को चोरी हो गई थी। पुलिस के अनुसार- प्रथम बी रोड निवासी रामस्वरूप प्रजापत ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें उन्होंने बताया कि 1 अक्टूबर दोपहर करीब 4:30 बजे मैंने अपनी ब्रेजा कार नेहरू पार्क के पास खड़ी की थी। कार के डैशबोर्ड में 2.50 लाख नकद रखे थे। इसके बाद मैं पार्षद के साथ एक कार्यक्रम में चला गया था। रात करीब 10:30 बजे वापस लौटा तो कार की आगे की सीट का कांच टूटा मिला और डैशबोर्ड में रखे ढाई लाख रुपए गायब थे। आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज डीसीपी वेस्ट कमल शेखावत के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। सीआई किशनलाल विश्नोई की अगुवाई में टीम ने तकनीकी सहायता और मुखबिर की सूचना के आधार पर 24 घंटे में आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने आरोपी जितेंद्र (37) पुत्र लक्ष्मीनारायण निवासी गुलाब बाग सरदारपुरा, मोनू (26) पुत्र संजू निवासी बरकत खां कॉलोनी आखलिया चौराहा, मोहम्मद आमिर (23) पुत्र तुराब अली निवासी प्रताप नगर जोधपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस की पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से चुराई गई नकदी की बरामदगी को लेकर पूछताछ कर रही है।