जोधपुर जिले की 6 नगर पालिकाओं के मेयर पद को लेकर सोमवार को मतदान हुए। तिंवरी में भाजपा प्रत्याशी ने एक वोट से जीत ​हासिल की। वहीं मथानिया में कांग्रेस की लीलादेवी चेयरमैन बनी हैं। जिले की 6 नगर पालिकाओं में से 4 में बीजेपी का बोर्ड बना है। इनमें बालेसर, भोपालगढ़, बिलाड़ा और तिंवरी शामिल है। जबकि मथानिया और पीपाड़ सिटी में कांग्रेस का बोर्ड बना है। इधर, मथानिया में मेयर पद की वोटिंग को लेकर भाजपा और कांग्रेस के समर्थक आमने-सामने हो गए। भाजपा विधायक भैराराम सियोल भी मौके पर पहुंचे। इसके बाद पूर्व विधायक दिव्या मदेरणा भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने एक्स पर आकर लाइव किया और पुलिस प्रशासन पर भेदभाव का आरोप लगाया। मथानिया में बस की एंट्री नहीं देने पर हुआ विवाद जानकारी के अनुसार- मथानिया नगर पालिका अध्यक्ष के चुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस के पार्षद सुबह नगर पालिका पहुंचे थे। यहां कांग्रेस पार्षद बाड़ेबंदी से वोटिंग के लिए आए तो उन्हें गेट से पहले लगे बैरिकेडिंग पर रोककर पैदल जाने को कहा। भाजपा नेताओं ने कहा- हमें भी बैरिकेड हटाने को मना किया तो फिर इन्हें अंदर कैसे आने दिया। इसे लेकर विवाद बढ़ गया। भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टियों के नेता और समर्थक आमने-सामने हो गए। इसके बाद नारेबाजी करने लगे। हालांकि कुछ देर बार मामला शांत हुआ और सभी को एंट्री दी गई। मथानिया में कांग्रेस की लीला देवी बनीं चेयरमैन मथानिया नगर पालिका में कांग्रेस की लीला देवी ने भाजपा की इंद्रा देवी को हराकर चेयरपर्सन पद पर जीत दर्ज की हैं। मतदान में लीला देवी को 17 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी इंद्रा देवी के पक्ष में 8 वोट पड़े। इस तरह लीला देवी ने 8 वोटों से जीत हासिल की। अध्यक्ष पद अनुसूचित जाति महिला के लिए आरक्षित था। नाम वापसी के बाद अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस की लीला देवी और भाजपा की इंद्रा देवी के बीच सीधा मुकाबला था। 25 सदस्यीय नगरपालिका बोर्ड में कांग्रेस के 16, भाजपा के 7 और 2 निर्दलीय पार्षद हैं। चुनाव परिणाम में कांग्रेस प्रत्याशी को 17 वोट मिलने से पार्टी के पार्षदों के साथ एक निर्दलीय का समर्थन मिलने की बात सामने आई। इस चुनाव में दोनों प्रत्याशियों के बीच मुकाबला खास रहा। इससे पहले 9 सितंबर को वार्ड 11 के पार्षद चुनाव में भी लीला देवी और इंद्रा देवी आमने-सामने थीं। उस चुनाव में लीला देवी ने 367 मत प्राप्त कर 121 वोटों से जीत दर्ज की थी। अब अध्यक्ष पद के चुनाव में भी उन्होंने इंद्रा देवी को शिकस्त दी। लीला देवी गृहिणी होने के साथ खेती करती हैं। तिंवरी और बालेसर में भाजपा का बोर्ड तिंवरी नगर पालिका में बीजेपी का बोर्ड बना है। बीजेपी के लक्ष्मण कालकर 1 मत से जीते। बीजेपी को 13 और कांग्रेस उमीदवार चंपालाल कटारिया को 12 वोट मिले। वहीं बालेसर में भाजपा प्रत्याशी को 16, निर्दलीय प्रत्याशी को 8 और नोटा को 1 वोट मिला है। बालेसर में भाजपा का बोर्ड बना है। यहां निर्मला सांखला अध्यक्ष बनी हैं।