जोधपुर शहर में साइबर ठगी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। पुलिस की तमाम कोशिशों के बावजूद ठग नए-नए हथकंडे अपनाकर आम लोगों की गाढ़ी कमाई लूट रहे हैं। शहर के तीन थाना क्षेत्रों में 6 नए मामले सामने आए हैं। ताजा मामलों में किसी को पेंशन ऑफिस का कर्मचारी बताकर तो किसी को क्रेडिट कार्ड का झांसा देकर लाखों रुपए की चपत लगा दी गई। जोधपुर पूर्व और पश्चिम महानगर के अलग-अलग थानों में साइबर फ्रॉड के 6 बड़े मामले दर्ज किए गए हैं। पढ़ें, जोधपुर में साइबर ठगी के अलग-अलग मामले। 1. पेंशन ऑफिस का कर्मचारी बनकर झांसे में लिया प्रतापनगर सदर थाना क्षेत्र के सेक्टर डी, यूआईटी कॉलोनी निवासी अशोक कुमार शर्मा के पास अज्ञात नंबर से फोन आया। कॉलर ने खुद को पेंशन ऑफिस का अधिकारी बताया और कुछ औपचारिकताएं पूरी करने के नाम पर पीड़ित के मोबाइल में एक APK फाइल डाउनलोड करवा दी। फाइल डाउनलोड होते ही आरोपी ने पीड़ित के बैंक खाते का एक्सेस हासिल कर लिया और खाते से 2,22,000 रुपये पार कर दिए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 2. क्रेडिट कार्ड का एक्स्ट्रा चार्ज हटाने का झांसा देकर OTP लिया प्रतापनगर सदर पुलिस थाने में इंदिरा कॉलोनी निवासी देवेन्द्र चौहान ने ठगी का मामला दर्ज कराया है। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात कॉलर ने फोन कर क्रेडिट कार्ड पर अतिरिक्त चार्ज लगने की बात कही और चार्ज हटाने का झांसा देकर उनसे OTP हासिल कर लिया। ओटीपी मिलते ही शातिर अपराधी ने उनके क्रेडिट कार्ड से 1,52,329 रुपए निकाल लिए। 3.महिला के साथ ऑनलाइन 1.85 लाख रुपये की धोखाधड़ी कुड़ी भगतासनी पुलिस थाने में केबीएच जोधपुर निवासी ममता जांगिड़ ने ऑनलाइन ठगी का मामला दर्ज कराया है। पीड़िता के अनुसार, किसी अज्ञात व्यक्ति ने किसी उन्हें धोखे में लिया और छलपूर्वक 1,85,000 रुपये ऐंठ लिए। पुलिस ने धारा 318(4), 319(2) BNS व 66D IT एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। 4. क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर झांसे में लिया, खाते से काट लिए 1.05 लाख कुड़ी भगतासनी थाना क्षेत्र के धीरजपुरा झालामंड निवासी भीवराज प्रजापत भी साइबर ठगी का शिकार हुए हैं। पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अज्ञात ठग ने क्रेडिट कार्ड बनाने का झांसा देकर गोपनीय जानकारी और पूछताछ के बहाने उनके खाते से 1,05,209 रुपये काट लिए। कुड़ी भगतासनी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। 5. नकली इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड के जरिए गुमराह किया कुड़ी भगतासनी पुलिस थाने में ही जनता कॉलोनी निवासी जगदीश कुमार ने वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़ित ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने पहचान छिपाकर फर्जी दस्तावेज व इलेक्ट्रॉनिक रिकॉर्ड का इस्तेमाल किया। आरोपी ने फर्जी रिकॉर्ड को असली बताकर उन्हें गुमराह किया और 1,49,988 रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। इसके अलावा झालामंड निवासी निर्मल पंवार ने भी कुड़ी भगतासनी थाने में क्रेडिट कार्ड से धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। 6. शास्त्रीनगर में घर बैठे ऑनलाइन फ्रॉड, खाते से उड़ाए रुपए शास्त्रीनगर थाना क्षेत्र के जोधाणा होम्स निवासी चेष्ठा अग्रवाल ने ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता ने बताया कि अपने निवास पर रहने के दौरान अज्ञात बदमाशों ने ऑनलाइन माध्यम से फ्रॉड कर उनके खाते से रुपये निकाल लिए। शास्त्रीनगर पुलिस ने बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।