निकाय चुनाव के नामांकन आज से शुरू हो गए। जोधपुर नगर निगम के 100 वाडों से उम्मीदवारों के लिए कलेक्ट्रेट में नामांकन जमा किए गए। नामांकन शुरू होने के पहले दिन केवल एक उम्मीदवार ने फॉर्म जमा कराया। हालांकि नामांकन पत्र लेने वाले लोगों की संख्या ज्यादा रही। नामांकन पत्र जमा कराने पहुंचे आईदान राम चौधरी ने बताया कि वे 50 साल से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता हैं। उन्होंने कांग्रेस पार्टी से वार्ड 77 से आवेदन किया है। उन्होंने कहा कि उन्हें विश्वास है कि पार्टी उन्हें उम्मीदवार बना देगी। वे लगातार तीन बार से निगम पार्षद हैं। वहीं पहले दिन 520 फॉर्म बिके हैं। वहीं शुक्रवार को रक्षाबंधन के त्यौहार के चलते अवकाश रहेगा इसके बाद शनिवार को फॉर्म जमा कराए जाएंगे। रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को उम्मीदवारों के काफी संख्या में फॉर्म जमा करने की संभावना है। नामांकन दाखिल करने की ये है व्यवस्था उम्मीदवारों के लिए कलेक्ट्रेट में 10-10 वार्ड के समूह में बांटते हुए अलग अलग नामांकन केंद्र बनाए गए हैं। एक आरओ व 10 एआरओ नियुक्त किए गए हैं। इन सभी वार्डों के लिए नगर निगम जोधपुर के रिटर्निंग अधिकारी अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट द्वितीय जोधपुर राम किशोर मीणा हैं। 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन भाजपा-कांग्रेस सहित अन्य दलों के साथ निर्दलीय प्रत्याशी 31 अगस्त तक सुबह साढ़े 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक संबंधित एआरओ के समक्ष उपस्थित होकर अपना नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। 31 अगस्त दोपहर 3 बजे बाद नामांकन भरने का दौर थम जाएगा। नामांकन पत्रों की जांच 1 सितंबर को होगी। 3 सितंबर को नाम वापसी के बाद 4 सितंबर को चुनाव चिह्नों का आवंटन होगा।