जोधपुर जिले की 6 नगरपालिकाओं के अध्यक्ष पद के लिए आज नामांकन दाखिल किए गए। इन 6 नगरपालिकाओं में से 2 में कांग्रेस और 3 में भारतीय जनता पार्टी का बोर्ड बना है। एक नगरपालिका में किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है। यहां भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है। कांग्रेस ने मथानिया और भोपालगढ़ में जीत दर्ज की है। वहीं, भाजपा ने तिंवरी, बिलाड़ा और बालेसर में जीत दर्ज की। पीपाड़ में भाजपा ने बढ़त बनाई है, लेकिन स्पष्ट बहुमत नहीं मिल पाया है। इन नगरपालिकाओं में 9 सितंबर को मतदान हुआ था। 14 सितंबर को नतीजे जारी किए गए थे। तिंवरी में दो नामांकन, कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने तिंवरी नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए नामांकन के आखिरी दिन 2 नामांकन जमा हुए। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लक्ष्मण कालकर को और कांग्रेस ने चंपालाल कटारिया को अध्यक्ष पद के लिए अपना उम्मीदवार बनाया है। बीजेपी के उम्मीदवार लक्ष्मण कालकर राज नट समाज से आते हैं। तिंवरी में समाज के करीब 100 परिवार रहते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार इनमें से किसी के पास भी अपनी पट्टा शुदा आवासीय जमीन नहीं है। परिवार सरकारी भूमि पर मकान बनाकर रह रहे हैं। ऐसे में उसी समाज के व्यक्ति का नगर पालिका के सर्वोच्च निर्वाचित पद तक दावेदारी तिंवरी के लिए सामाजिक बदलाव की एक अलग तस्वीर पेश करता है। वहीं, कांग्रेस उम्मीदवार चंपालाल कटारिया मेघवाल समाज से आते हैं। कटारिया स्नातक हैं। लंबे समय से लोगों के बीच रहकर सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में भागीदारी निभाते रहे हैं। पेशे से वे एलआईसी का काम करते हैं। तिंवरी नगर पालिका में कुल 25 पार्षद हैं। चुनाव नतीजों में भाजपा के 13, कांग्रेस के 11 और एक निर्दलीय पार्षद चुने गए हैं। अध्यक्ष बनाने के लिए बहुमत का आंकड़ा 13 पार्षदों का है। ऐसे में भाजपा के पास साफ बहुमत है। उसके 13 पार्षद होने से बोर्ड बनाने में उसकी स्थिति मजबूत दिख रही है। वहीं, कांग्रेस के पास 11 पार्षद हैं। एक निर्दलीय पार्षद की भूमिका संख्या के हिसाब से अहम हो सकती है। मथानिया में भाजपा ने पार्षद का चुनाव हारी इंद्रा देवी को बनाया उम्मीदवार मथानिया नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए वार्ड 11 से कांग्रेस की लीला देवी और भाजपा की इंद्रा देवी ने अपने पर्चे जमा किए। यह पद अनुसूचित जाति (एससी) महिला के लिए आरक्षित है। खास बात यह है कि इंद्रा देवी वार्ड 11 से ही चुनाव में लीला देवी से हार गई थीं। इसके बाद भी भाजपा के पास कोई एससी महिला पार्षद नहीं होने की वजह से इंद्रा देवी को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया गया है। मथानिया नगर पालिका के 25 वार्डों में कांग्रेस ने 16, भाजपा ने 7 और निर्दलीय उम्मीदवारों ने 2 सीटें जीती हैं। बालेसर में कांग्रेस का निर्दलीय को समर्थन बालेसर नगरपालिका में अध्यक्ष पद के लिए भारतीय जनता पार्टी ने निरमा सांखला को अपना प्रत्याशी बनाया है। निरमा का नामांकन शेरगढ़ विधायक बाबू सिंह राठौड़ ने खुद साथ में जाकर करवाया। निरमा पहली बार चुनाव लड़ रही हैं और ग्रेजुएट हैं। स्वंय गृहणी हैं। पति और ससुर के माईन्स का कारोबार है। वहीं, कांग्रेस ने अपना प्रत्याशी नहीं उतारकर निर्दलीय को दिया सर्मथन दिया है। कांग्रेस ने वार्ड संख्या 19 से निर्दलीय प्रत्याशी भावना सोलंकी को कांग्रेस पार्टी का सर्मथन देकर उनका नामाकंन दाखिल करवाया। नामांकन दाखिल करवाने के लिए पीसीसी सदस्य उम्मेदसिंह राठौड़ कई पदाधिकारी साथ पहुंचे। भावना भी पहली बार चुनावी मैदान में उतरी हैं। वे आठवीं पास हैं। स्वंय गृहणी हैं। पति का माईन्स का कारोबार है। पीपाड़ नगरपालिका में भाजपा से मनु कच्छवाहा और कांग्रेस से आशा देवी प्रत्याशी भाजपा ने पीपाड़ नगरपालिका से मनु कच्छवाहा को अध्यक्ष पद प्रत्याशी घोषित किया है। उन्होंने नामांकन दाखिल कर दिया है। मनु कच्छवाहा पूर्व अध्यक्ष महेंद्र सिंह कच्छवाहा की पुत्रवधू और मंडल अध्यक्ष आदित्य की पत्नी हैं। भाजपा ने नगरपालिका के 35 में 16 वार्ड में जीत हासिल की है। यहां चार निर्दलीयों ने भाजपा का समर्थन किया है। ऐसे में भाजपा बोर्ड बनने के आसार है। कांग्रेस 15 सीटों पर जीती है। वहीं, कांग्रेस ने आशा देवी को उम्मीदवार बनाया है। आशा देवी कांग्रेस नेता सुरेश कच्छावाह की पत्नी है। कांग्रेस में अध्यक्ष पद के कई बड़े दावेदार पार्षद चुनाव हार गए। भोपालगढ़ में कांग्रेस से पांच पार्षदों का नामांकन भोपालगढ़ में कांग्रेस में बड़ा दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल रहा है। भोपालगढ़ में कांग्रेस से चार पार्षदों ने अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया। इसमें जमुना देवड़ा को कांग्रेस का सिंबल मिला, जबकि शिवकरण सैनी, रामदीन, नारायण राम जाखड़ ने भी कांग्रेस के बैनर तले अध्यक्ष पद के लिए आवेदन किया। दूसरी तरफ कांग्रेस के ही पार्षद नारायण राम जाखड़ ने निर्दलीय भी आवेदन किया। कांग्रेस से कुल पांच आवेदन हुए हैं। दूसरी तरफ भाजपा से देवेश चौधरी ने नामांकन पेश किया। देवेश ओमप्रकाश चोटिया के पुत्र हैं। वहीं,बिलाड़ा नगरपालिका में कुल 40 वार्ड हैं। यहां 3 कैंडिडेट्स द्वारा 3 नामांकन पत्र दाखिल किए गए।