कैलाश नगर थाना क्षेत्र में अवैध बजरी परिवहन पर कार्रवाई हुई है। रोवाड़ा चौकी प्रभारी ने गश्त के दौरान एक ट्रैक्टर को अवैध बजरी सहित जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार किया। इस कार्रवाई की सूचना बाद में खनिज विभाग को दी गई। सिरोही एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौर के निर्देश पर अवैध बजरी माफियाओं के खिलाफ यह कार्रवाई की गई। कैलाश नगर थाना क्षेत्र की रोवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी हेड कॉन्स्टेबल हिमताराम ने गश्त के दौरान बुडेरी प्याऊ के पास एक ट्रैक्टर को तेज रफ्तार से जाते हुए देखा और उसे रुकवाया। ट्रैक्टर-ट्रॉली में बजरी भरी हुई देखकर ड्राइवर से अनुज्ञा पत्र मांगे गए, लेकिन उसके पास किसी तरह का कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला। पूछताछ के दौरान ड्राइवर ने बताया कि ट्रैक्टर बुडेरी निवासी महावीर सिंह पुत्र वने सिंह का है। पुलिस ने मौके से ही ट्रैक्टर जब्त कर थाना परिसर में रखवा दिया। थाने की कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने अवैध रूप से बजरी ले जाने की सूचना खनिज विभाग को दे दी है। खनिज विभाग अब इस मामले में अग्रिम कार्रवाई करेगा।