पंजाबी सिंगर करण औजला जयपुर और आसपास के इलाकों में अपने नए गाने की शूटिंग कर रहे हैं। गाने की शूटिंग की शुरुआत रविवार को सांभर झील से की गई, जहां इसके कुछ खास दृश्यों को फिल्माया गया। इसके बाद शूटिंग टीम सोमवार को जयपुर पहुंची। शहर की अलग-अलग लोकेशन पर गाने के दृश्य शूट किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि शूटिंग के दौरान जयपुर के नाहरगढ़ में सूर्योदय के दृश्यों को भी फिल्माया गया है। सुबह की प्राकृतिक रोशनी और जयपुर की ऐतिहासिक लोकेशन को गाने के विजुअल्स में शामिल किया गया है। नाहरगढ़ में सनराइज शूट पूरा होने के बाद अब टीम जयपुर की अन्य लोकेशन पर फिल्मांकन कर रही है। पहले देखें शूटिंग की तस्वीरें… सांभर की सफेदी से जयपुर की विरासत तक गाने की शूटिंग के लिए सांभर झील से शुरुआत किए जाने के पीछे यहां का अलग दृश्यात्मक परिवेश खास आकर्षण है। झील का नमक क्षेत्र और खुला प्राकृतिक बैकड्रॉप म्यूजिक वीडियो के दृश्यों को अलग लुक देता है। सांभर झील पहले भी फिल्मों और म्यूजिक वीडियो की शूटिंग के लिए इस्तेमाल होती रही है। इसके बाद शूटिंग का फोकस जयपुर की ऐतिहासिक और शहरी लोकेशन पर है। नाहरगढ़ में सूर्योदय के दृश्यों के बाद टीम अब शहर में अलग-अलग जगहों पर गाने के शेष हिस्से शूट कर रही है। राजस्थान में फिल्म और म्यूजिक शूट के लिए लोकेशन परमिशन की सिंगल विंडो व्यवस्था भी उपलब्ध है। बड़े संगीत मंच से होगा रिलीज सूत्रों के अनुसार यह एक नया पंजाबी गाना है, जिसे जल्द ही किसी बड़ी संगीत कंपनी के यूट्यूब चैनल पर रिलीज किए जाने की तैयारी है। गाने के शीर्षक, कलाकारों और रिलीज की तारीख को फिलहाल सार्वजनिक नहीं किया गया है। ऐसे में करण औजला के प्रशंसकों के बीच इस नए प्रोजेक्ट को लेकर उत्सुकता बनी हुई है। करण औजला इन दिनों अपने इंडिया टूर की भी योजना बना रहे हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जयपुर में शूट किया जा रहा यह गाना उनके आगामी इंडिया टूर से भी जुड़ा एक खास सरप्राइज हो सकता है। गाने के विजुअल्स और इसके रिलीज को लेकर आधिकारिक तौर पर विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद ही इसकी पूरी तस्वीर साफ होगी। वीडियो क्रेडिट: सौरभ यादव