महुआ क्षेत्र के ग्राम करणपुर स्थित कारस देव बाबा मंदिर पर सोमवार सुबह डाक कावड़ यात्रा के माध्यम से जलाभिषेक किया गया। कावड़ियों ने सीते कुंड के पवित्र सरोवर का जल लाकर बाबा का अभिषेक किया। पीपलखेड़ा और करणपुर गांवों के सैकड़ों कावड़िये सोमवार सुबह सीते कुंड से डाक कावड़ लेकर रवाना हुए थे। उन्होंने सोमवार सुबह 11 बजे कारस देव बाबा के मंदिरों पर जलाभिषेक किया। इस अवसर पर सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर मंगल कलश रखकर डीजे की धुन पर डाक कावड़ यात्रा का स्वागत किया। ग्रामीणों ने भी जेसीबी से पुष्पवर्षा कर कावड़ियों का अभिनंदन किया। इस दौरान गांव के दर्जनों पंच-पटेल मौजूद रहे। करणपुर और पीपलखेड़ा में डाक कावड़ पहुंचने पर गांवों में भक्ति का माहौल बन गया।