करौली के गवर्नमेंट कॉलेज में एनसीसी की सीटें 80 से घटाकर 40 करने के विरोध में शनिवार को छात्रों ने प्रदर्शन किया। एबीवीपी से जुड़े छात्रों और एनसीसी अभ्यर्थियों ने कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्य गेट पर ताला लगा दिया। करीब दो घंटे चले प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने मांग की कि भर्ती प्रक्रिया में पहले निर्धारित 80 सीटों के आधार पर ही चयन किया जाए। छात्रों का कहना था कि पहले उन्हें 80 सीटों की जानकारी दी गई थी, जिसके बाद कई अभ्यर्थियों ने शारीरिक दक्षता परीक्षा में हिस्सा लिया। भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब परिणाम आया, तो सीटों की संख्या 40 कर दी गई। इससे कई अभ्यर्थी चयन से बाहर हो गए। प्रिंसिपल रफीक अहमद ने छात्रों से बात कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद छात्रों ने ताला खोल दिया और प्रदर्शन खत्म हो गया।