राजस्थान के पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार को करौली का दौरा किया। उन्होंने कैला देवी मंदिर और श्री राधा मदनमोहन जी मंदिर में दर्शन कर प्रदेश में शांति और खुशहाली की कामना की। डीजीपी ने एसपी कार्यालय में जिले की अपराध समीक्षा बैठक लेकर अपराध नियंत्रण, पुलिस कार्रवाई, लंबित मामलों के निपटारे और आगामी पंचायत चुनावों में कानून व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए। उन्होंने साइबर अपराध को पुलिस की प्रमुख प्राथमिकता बताते हुए देश-विदेश से आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही। अपराध नियंत्रण और लंबित मामलों की समीक्षा एसपी कार्यालय में हुई बैठक में जिले में अपराध की स्थिति, पुलिस की ओर से की जा रही कार्रवाई और लंबित मामलों के निस्तारण पर चर्चा हुई। डीजीपी ने कानून व्यवस्था को और बेहतर बनाने तथा पुलिसिंग को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से आने वाली चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए पहले से प्रभावी रणनीति तैयार करने को कहा। साइबर अपराध पर रहेगा विशेष फोकस डीजीपी राजीव शर्मा ने साइबर अपराध को पुलिस की मुख्य प्राथमिकताओं में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि देश या विदेश से आर्थिक अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए साइबर थानों, तकनीकी संसाधनों और विशेषज्ञ स्टाफ को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि साइबर सेल में विशेषज्ञों को कॉन्ट्रैक्ट पर लेने का भी प्रावधान है, ताकि तकनीकी रूप से जटिल मामलों की जांच और कार्रवाई को और प्रभावी बनाया जा सके। नई भर्ती और 112 सेवा को मजबूत करने पर जोर डीजीपी ने कहा कि पुलिस बल में स्टाफ और संसाधनों की जरूरत लगातार बनी रहती है। नई भर्तियों के साथ विशेष शाखाओं और साइबर सेल की क्षमता बढ़ाई जा रही है। इसके अलावा 112 आपातकालीन सेवा में वाहनों की संख्या बढ़ाकर पुलिस का रिस्पांस टाइम बेहतर करने पर भी काम चल रहा है। एआई और नई तकनीक से पुलिसिंग को मिलेगी मदद पुलिसिंग में तकनीक के बढ़ते इस्तेमाल को लेकर डीजीपी ने कहा कि यंग प्रोफेशनल्स को पुलिस से जोड़ा जा रहा है। पांच युवा प्रोफेशनल्स लिए गए हैं, जिनमें कुछ एआई और नई तकनीकों के जरिए पुलिस की मदद करेंगे। इससे पुलिस की कार्यप्रणाली में तकनीकी क्षमता बढ़ाने और अपराध से निपटने के नए तरीके विकसित करने में मदद मिलेगी। ग्रेड पे पर बोले- राज्य सरकार से जुड़ा मामला पुलिसकर्मियों के ग्रेड पे से जुड़े सवाल पर डीजीपी ने इसे राज्य सरकार से जुड़ा मामला बताया। हालांकि, उन्होंने कहा कि डीपीसी और पदोन्नति की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के प्रयास जारी हैं। निकाय चुनाव के बाद पंचायत चुनाव पर नजर डीजीपी ने नगर निकाय चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से कराने के लिए पुलिस अधिकारियों और जवानों की तारीफ की। उन्होंने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव भी निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त माहौल में कराना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस अधिकारियों को कानून व्यवस्था से जुड़ी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। आईजी और पुलिस अधिकारी रहे मौजूद बैठक में भरतपुर रेंज आईजी प्रीती चंद्रा, करौली एसपी लोकेश सोनवाल सहित अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, डीएसपी और थाना अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद डीजीपी ने श्री राधा मदनमोहन जी मंदिर में दर्शन किए और इसके बाद जयपुर के लिए रवाना हो गए।