सुहागपुरा थाना क्षेत्र की ओडवाड़ा ग्राम पंचायत के करौली गांव निवासी बद्रीलाल (पिता रामा) की शुक्रवार शाम खेत पर काम करते समय अचानक तबीयत बिगड़ गई। परिजन उन्हें निजी वाहन से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत बताया। जानकारी के अनुसार, बद्रीलाल शुक्रवार शाम करीब 6 बजे खेत पर काम करने गए थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। परिवार के लोग तुरंत उन्हें जिला अस्पताल ले गए, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। बद्रीलाल खेती-बाड़ी और मजदूरी करके अपने परिवार का गुजारा करते थे। उनकी आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। उनके पीछे तीन बच्चे हैं, जिनके पालन-पोषण की जिम्मेदारी अब परिवार पर आ गई है। उनकी बेटी पूजा 16 साल की है और 10वीं कक्षा में पढ़ती है। बेटा जशवंत 13 साल का है और 8वीं कक्षा में, जबकि चेतन 9 साल का है और 5वीं कक्षा में पढ़ता है। मृतक के अंकल अंबालाल मीणा ने मॉर्च्युरी में पुलिस को रिपोर्ट दी। सुहागपुरा थाने के हेड कांस्टेबल बालूराम मीणा ने बताया कि रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर पोस्टमार्टम कराया गया। इसके बाद शव परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस ने मामले में आगे की जांच शुरू कर दी है।