करौली में करणपुर-कैलादेवी मार्ग पर करणपुर घाटी के पास श्रद्धालुओं से भरी एक जीप अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला श्रद्धालु ललिता शर्मा (64) की जान चली गई। हादसे में करीब 8 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से एक महिला को गंभीर हालत में करौली रेफर किया गया है। कैलादेवी थाना अधिकारी रामावतार ने बताया कि वृंदावन निवासी ललिता शर्मा अपने पड़ोसी श्यामदास और गिरधारी लाल शर्मा के साथ कैलादेवी दर्शन के लिए आई थीं। दर्शन के बाद सभी श्रद्धालु करणपुर वाली माता के दर्शन करने गए थे। दर्शन के बाद शाम करीब 6:30 बजे सभी श्रद्धालु निजी जीप से कैलादेवी की तरफ लौट रहे थे। करणपुर घाटी पार करने के बाद आशाकी बांच टावर के पास ठाकुर बाबा स्थान के नजदीक मोड़ पर जीप अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के बाद जीप में सवार करीब 8 से 9 श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को कैलादेवी के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने ललिता शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वृंदावन के कैलाश नगर निवासी मेघा पत्नी राहुल को प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर हालत में करौली रेफर किया गया है। बाकी श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आई हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार जीप तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान मोड़ पर ड्राइवर का संतुलन बिगड़ गया और जीप सड़क पर पलट गई। पुलिस ने हादसे की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है और कारणों का पता लगा रही है।