करौली जिले के नगर निकायों में मंगलवार को उपसभापति और उपाध्यक्ष पद के चुनाव संपन्न हो गए। करौली नगर परिषद में कांग्रेस के अमीनुद्दीन खान 34 वोट हासिल कर उपसभापति निर्वाचित हुए। भाजपा प्रत्याशी पुष्पेंद्र उर्फ बबलू शुक्ला को 21 वोट मिले। अमीनुद्दीन खान वार्ड 35 से पार्षद निर्वाचित हुए थे। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों ने पटाखे चलाए और मिठाई बांटकर खुशी जताई। हिण्डौन में विक्रम तोमर निर्विरोध हिण्डौन सिटी नगर परिषद में भाजपा के विक्रम तोमर निर्विरोध उपसभापति निर्वाचित हुए। वे वार्ड 32 से निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुए थे और भाजपा के पदाधिकारी भी हैं। रिटर्निंग अधिकारी महेश मान ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। समर्थकों ने माला और साफा पहनाकर उनका स्वागत किया। टोडाभीम में देवीसिंह मीना को 27 वोट टोडाभीम नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय देवीसिंह मीना ने 20 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें 27 वोट मिले, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी रश्मी को 7 वोट मिले। एक वोट निरस्त हुआ। नगरपालिका के सभी 35 पार्षदों ने मतदान किया। जीत के बाद समर्थकों ने नारे लगाकर खुशी जताई। सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात रहा। मंडरायल में रेखा भदौरिया विजयी मंडरायल नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर कांग्रेस की रेखा भदौरिया ने भाजपा के देवेंद्र शर्मा को 2 वोट से हराया। रेखा भदौरिया को 11 वोट मिले, जबकि देवेंद्र शर्मा को 9 वोट हासिल हुए। सूरौठ में आस्था मीणा ने बाजी मारी सूरौठ नगरपालिका में निर्दलीय आस्था मीणा उपाध्यक्ष निर्वाचित हुईं। उन्होंने 15 वोट हासिल किए, जबकि प्रवीण सैनी को 5 वोट मिले। आस्था मीणा वार्ड 19 से निर्दलीय पार्षद निर्वाचित हुई थीं। रिटर्निंग अधिकारी ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपने के साथ शपथ दिलाई। सपोटरा में बरफी देवी निर्विरोध सपोटरा नगरपालिका उपाध्यक्ष पद पर वार्ड 2 की भाजपा पार्षद बरफी देवी निर्विरोध निर्वाचित हुईं। तय समय तक कांग्रेस की ओर से कोई नामांकन दाखिल नहीं होने के कारण उनका निर्विरोध निर्वाचन हुआ। रिटर्निंग अधिकारी अनूप सिंह ने उन्हें निर्वाचन प्रमाण पत्र सौंपा। बरफी देवी ने सपोटरा के विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। करौली और मंडरायल में था सीधा मुकाबला करौली नगर परिषद उपसभापति पद के लिए कांग्रेस से अमीनुद्दीन और भाजपा से पुष्पेंद्र उर्फ बबलू शुक्ला ने नामांकन दाखिल किया था। दोनों दलों से एक-एक प्रत्याशी होने के कारण यहां सीधा मुकाबला हुआ। परिषद के 55 निर्वाचित पार्षदों ने मतदान किया और मतगणना के बाद अमीनुद्दीन खान के निर्वाचित होने की घोषणा की गई। मंडरायल नगरपालिका में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच सीधा मुकाबला रहा। कांग्रेस की रेखा भदौरिया और भाजपा के देवेंद्र शर्मा ने उपाध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। पिछले कार्यकाल से भी जुड़ा है अमीनुद्दीन का नाम अमीनुद्दीन खान का नगर परिषद से पुराना जुड़ाव रहा है। पिछले कार्यकाल में उनकी मां रशीदा खातून नगर परिषद की सभापति थीं, जबकि वर्तमान सभापति सुनील सैनी उस समय उपसभापति थे। उस दौरान अमीनुद्दीन खान मनोनीत पार्षद भी रहे थे।