करौली के मासलपुर उपखंड के बखतपुरा क्षेत्र में एक गाय कुएं में गिर गई थी। सिविल डिफेंस टीम ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य किया और काफी कोशिश के बाद गाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। टीम की इस कार्रवाई से बेजुबान पशु की जान बच गई। शाम करीब 5 बजे पुलिस कंट्रोल रूम से जिला नियंत्रण कक्ष को खबर मिली कि बखतपुरा में एक गाय कुएं में गिर गई है। खबर मिलते ही सिविल डिफेंस प्रभारी आशीष जैन ने बचाव टीम को तुरंत मौके पर भेजा। मौके पर पहुंची टीम ने अनुदेशक रामअवतार गुर्जर की अगुवाई में बचाव कार्य शुरू किया। जवान फरमान खान, मोहम्मद सादिक, रूपराज गुर्जर, महेश सैनी और जल सिंह ने मिलकर गाय को सुरक्षित कुएं से बाहर निकाला। बचाव कार्य कामयाब होने पर स्थानीय लोगों ने सिविल डिफेंस टीम की तारीफ की।