करौली पुलिस युवाओं से जुड़ने और संवाद बढ़ाने के लिए कॉग्निवेरा टी-20 करौली पुलिस लीग (KPL) क्रिकेट प्रतियोगिता आयोजित करेगी। इसका मकसद युवाओं को नशा, साइबर अपराध और सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करना है। एसपी लोकेश सोनवाल के निर्देश पर यह प्रतियोगिता दिसंबर-जनवरी में होगी। इसमें Y-CLG, CLG समितियां, पुलिस कैडेट्स, पत्रकार और युवा शामिल होंगे। करीब 500 से ज्यादा टीमों के 7 हजार से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिता दो चरणों में होगी पहले थाना स्तर पर टेनिस बॉल से टी-20 मैच, फिर जिला स्तर पर सफेद लेदर बॉल से मुकाबले। हर टीम में 14 खिलाड़ी होंगे, एक पुलिसकर्मी का होना जरूरी है। खिलाड़ियों की उम्र 18 साल से ज्यादा होनी चाहिए। राज्य या जिला स्तर पर खेल चुके खिलाड़ी शामिल नहीं होंगे। नियमों से जुड़ी शिकायतों पर रणजी ट्रॉफी स्तर के खिलाड़ियों वाली तकनीकी समिति फैसला लेगी। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच, मैन ऑफ द सीरीज, सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज, गेंदबाज और फील्डर सहित विशेष पुरस्कार दिए जाएंगे। विजेता और उपविजेता टीम को चल वैजयन्ती ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।