तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को जवाब सौंपा। दावा किया कि टीएमसी छोड़कर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल होने से किसी संसदीय या संवैधानिक नियम का उल्लंघन नहीं हुआ। सभी ने समयसीमा के आखिरी दिन अलग-अलग 17-18 पन्नों का जवाब दिया। बागी सांसद अरूप चक्रवर्ती ने कहा, विधानसभा चुनाव में हार के बाद संगठन और जनता के बीच सम्मान बचाने के लिए अलग हुए। एनडीए को समर्थन देने का फैसला बाद में हुआ। हम बहुमत में हैं। उम्मीद है हमारे पक्ष को मान्यता मिलेगी। विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद जून में टीएमसी के 27 में से 20 लोकसभा सांसद अलग हो गए थे। महासचिव अभिषेक बनर्जी ने संविधान की दसवीं अनुसूची के तहत इनकी सदस्यता रद्द करने की मांग की थी। 26 अगस्त को नोटिस जारी हुआ था। आज की अन्य बड़ी खबरें… दिल्ली-NCR में 23.6 लाख से ज्यादा 'एंड-ऑफ-लाइफ' वाहन चल रहे हैं, CAQM ने सुप्रीम कोर्ट को बताया वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने सुप्रीम कोर्ट को बताया है कि दिल्ली-NCR की सड़कों पर 23.6 लाख से ज़्यादा ऐसे वाहन चल रहे हैं, जिनकी उपयोग की अवधि पूरी हो चुकी है। 'एंड-ऑफ-लाइफ' वाहन वह है जिसे अब कानूनी रूप से रजिस्टर नहीं किया जा सकता या सार्वजनिक सड़कों पर नहीं चलाया जा सकता। ऐसा कई कारणों से हो सकता है, जैसे: तय उम्र सीमा पूरी हो जाना, फिटनेस टेस्ट में फेल होना, रजिस्ट्रेशन रद्द होना, बहुत ज़्यादा क्षतिग्रस्त होना, या मालिक द्वारा स्वेच्छा से वाहन सौंप देना। सुप्रीम कोर्ट में दाखिल अपने हलफनामे में, CAQM ने बताया कि दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में कुल 25.4 लाख ऐसे वाहन हैं जिनकी उम्र सीमा पूरी हो चुकी है। इनमें से केवल 1.85 लाख वाहनों को ही स्क्रैप किया गया है या उनके लिए 'नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट' (NOC) जारी किए गए हैं। BJP राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का फर्जी वीडियो वायरल, दिल्ली पुलिस ने दर्ज की FIR दिल्ली पुलिस ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के नाम से सोशल मीडिया पर वायरल हुए फर्जी वीडियो के मामले में FIR दर्ज की है। दिल्ली पुलिस की साइबर यूनिट IFSO ने इसकी जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, वीडियो में नितिन नवीन को भारत विरोधी बयान देते हुए दिखाया गया था। इसमें भारत-चीन संबंधों, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) सम्मेलन और स्वदेशी तेजस लड़ाकू विमान को लेकर कथित बयान शामिल थे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा समेत पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को डीसीपी (सेंट्रल) से मिलकर शिकायत दी थी। इसके बाद मामला साइबर सेल को सौंपा गया। शुरुआती जांच में वीडियो फर्जी और भ्रामक पाया गया है। केरलम में स्कूल के अंदर बंदूक चलने से 9वीं कक्षा का छात्र घायल केरलम के त्रिताला के पास एक सरकारी स्कूल में बंदूक चलने से 9वीं का एक छात्र घायल हो गया। बताया जा रहा है कि बंदूक को स्कूल में कोई दूसरा छात्र लेकर आया था। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया। उसकी चोटें गंभीर नहीं बताई जा रही हैं। पुलिस को शक है कि यह एक देसी बंदूक थी और वे इस बात की जांच कर रहे हैं कि यह स्कूल तक कैसे पहुंची। किन हालात में बंदूक चली, यह अभी साफ नहीं है। मामले की आगे की जांच चल रही है। यूपी चुनावों में CJP किसी भी राजनीतिक दल का साथ नहीं देगी: अभिजीत दीपके 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) उत्तर प्रदेश चुनावों में न तो चुनाव लड़ेगी और न ही किसी राजनीतिक दल का समर्थन करेगी। यह बात मंगलवार को CJP के संयोजक अभिजीत दीपके ने कही। उन्होंने उम्मीद जताई कि चुनाव युवाओं पर केंद्रित होंगे, न कि जाति और धर्म पर आधारित। अभिजीत ने छत्रपति संभाजीनगर में मीडिया से कहा, "हम चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। लेकिन चुनाव युवाओं से जुड़े मुद्दों पर होने चाहिए। हम कब तक जाति और धर्म के नाम पर चुनाव लड़ते रहेंगे? आज दुनिया AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) और रिन्यूएबल एनर्जी (नवीकरणीय ऊर्जा) पर चर्चा कर रही है।" उन्होंने आगे कहा, "हम इस बारे में कुछ नहीं कहेंगे कि किसे सरकार बनानी चाहिए और किसे नहीं। हम चाहते हैं कि राष्ट्रीय राजनीति का फोकस रोजगार और अच्छी गुणवत्ता वाली शिक्षा पर हो।" अहमदाबाद की झुग्गियों में लगी भीषण आग, करीब 80 झोपड़ियां जलकर खाक गुजरात के अहमदाबाद में ग्यासपुर इलाके में मेट्रो स्टेशन और एक दुकान के पास बनी झुग्गियों में भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से करीब 80 झोपड़ियां प्रभावित हुई हैं। सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। अहमदाबाद के मेयर हितेश बारोट और स्थानीय पार्षद हाजी असरार मिर्जा ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। फिलहाल आग लगने के कारणों और नुकसान की पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। तिहाड़ में लॉरेंस गैंग के वकील को विरोधियों से अलग रखने का आदेश, बुलेटप्रूफ गाड़ी और सुरक्षा की मांग खारिज दिल्ली की अदालत ने तिहाड़ जेल प्रशासन को लॉरेंस बिश्नोई से जुड़े वकील दीपक नंदा की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उन्हें रोहित गोदारा गैंग के सदस्यों से अलग रखने का निर्देश दिया है। दीपक ने जेल से बाहर ले जाते समय बुलेटप्रूफ गाड़ी और कमांडो सुरक्षा मांगी थी, लेकिन कोर्ट ने यह मांग खारिज कर दी। अदालत ने उन्हें विशेष आदेश न होने पर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से पेश करने को भी कहा है। कोच्चि एयरपोर्ट पर 2 यात्री 11 एयर राइफल के साथ पकड़े गए, दुबई से आए थे केरलम के कोच्चि इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम्स अधिकारियों ने दुबई से आए दो यात्रियों के सामान से 11 एयर राइफल बरामद की हैं। अधिकारियों के मुताबिक, इन्हें जांच से बचाकर भारत लाने की कोशिश की गई थी। दोनों यात्रियों की पहचान रमेश मचाट और सिजॉय सासी के रूप में हुई है। वे सोमवार रात इंडिगो की फ्लाइट 6E 1476 से दुबई से कोच्चि पहुंचे थे। मंगलवार को सामान की जांच के दौरान कस्टम्स अधिकारियों को अलग-अलग मॉडल की राइफल के हिस्से मिले। कस्टम्स ने राइफल और उनके साथ मिले सामान को तकनीकी जांच के लिए अपने कब्जे में लिया है। दोनों यात्रियों से एयर राइफल भारत लाने की वैधता साबित करने वाले जरूरी दस्तावेज मांगे गए हैं। जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। कोलकाता में तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को कुचला, 7 घायल; ड्राइवर समेत 3 लोग कार छोड़कर भागे कोलकाता में तेज रफ्तार कार ने राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे में 7 लोग घायल हो गए। घटना सोमवार रात दक्षिण कोलकाता में ढाकुरिया रेलवे स्टेशन के पास हुई। टक्कर के बाद कार सड़क किनारे एक दुकान में भी जा घुसी। पुलिस के मुताबिक, कार कसबा से शरत घोष गार्डन रोड होते हुए ढाकुरिया स्टेशन की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार बेकाबू होकर फुटपाथ पर चढ़ गई और राहगीरों को टक्कर मार दी। हादसे के तुरंत बाद ड्राइवर और कार में सवार दो अन्य लोग वाहन छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की। पुलिस ने बताया कि हादसे की वजह की जांच की जा रही है। फरार ड्राइवर और उसके साथियों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है। नागपुर-मुंबई दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव; एक महीने में दूसरी घटना; किसी यात्री को चोट नहीं महाराष्ट्र के नागपुर में मुंबई जा रही दुरंतो एक्सप्रेस पर पथराव का मामला सामने आया है। 23 नवंबर को अजनी रेलवे स्टेशन पार करने के बाद मनीष नगर के पास ट्रेन के A2 कोच की खिड़की का बाहरी शीशा टूट गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, किसी अज्ञात व्यक्ति ने ट्रेन पर पत्थर फेंका था। घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ। ट्रेन बिना किसी परिचालन बाधा के आगे बढ़ गई। रेलवे कर्मचारियों ने वर्धा स्टेशन के पास खिड़की की अस्थायी मरम्मत की। इस ट्रेन पर करीब एक महीने पहले भी पथराव हुआ था। इसके अलावा मुंबई-अहमदाबाद वंदे भारत एक्सप्रेस पर भी पथराव की घटना हुई थी। कर्नाटक में सभी स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी पैड देना अनिवार्य, मशीनें लगानी होंगी कर्नाटक सरकार ने छठी से 12वीं कक्षा तक की छात्राओं को सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी स्कूलों में मुफ्त सैनिटरी पैड देना अनिवार्य कर दिया है। स्कूलों को छात्राओं के शौचालयों में पैड देने वाली मशीनें लगानी होंगी। सरकार ने स्कूलों को तीन महीने में मासिक धर्म स्वच्छता केंद्र बनाने का निर्देश दिया है। यहां अतिरिक्त कपड़े, अंडरगारमेंट और इस्तेमाल किए गए पैड रखने के लिए थैलियों की व्यवस्था करनी होगी। गुजरात के राजकोट में पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आने से दो शेरनियों की मौत गुजरात के राजकोट जिले में सोमवार रात को जेतपुर के पास यात्री ट्रेन की चपेट में आने से 2 से 3 साल की दो सब-एडल्ट शेरनियों की मौत हो गई। हादसा धासा-जेतलसर ब्रॉड गेज रेलवे लाइन पर वावडी और खिरसरा के बीच हुआ, जो जेतपुर स्टेशन से लगभग 6 किलोमीटर दूर है। शेरनियां पटरियां क्रॉस कर रही थीं। इसी दौरान पोरबंदर-भावनगर ट्रेन नंबर 59560 की चपेट में आ गईं। हादसे के बाद ट्रेन को रोकना पड़ा, जिससे इस मार्ग पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। नोएल टाटा की आपत्ति के बाद टाटा संस ने बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर तक टाली टाटा ट्रस्ट्स के चेयरमैन नोएल टाटा की आपत्ति के बाद, टाटा संस ने 26 नवंबर को होने वाली बोर्ड मीटिंग 30 नवंबर तक के लिए टाल दी है। नोएल टाटा ने मीटिंग का एजेंडा देर से मिलने पर चिंता जताई। बताया जा रहा है कि इससे जुड़े दस्तावेज 22 नवंबर को अपलोड किए गए थे, जिससे डायरेक्टर्स के पास मीटिंग से पहले इन दस्तावेजों को देखने के लिए 7 दिन का तय समय भी नहीं बचा था। इस आपत्ति के बाद, कंपनी ने बोर्ड मीटिंग को 30 नवंबर तक के लिए रीशेड्यूल करने का फैसला किया, ताकि डायरेक्टर्स को एजेंडा और उससे जुड़े दस्तावेजों को देखने के लिए अतिरिक्त समय मिल सके। दलबदल कानून में सुधार पर कोर्ट ने केंद्र से मांगा जवाब सुप्रीम कोर्ट ने दलबदल कानून में सुधार की मांग वाली याचिका पर केंद्र सरकार, निर्वाचन आयोग व विधि आयोग को नोटिस जारी किया है। याचिका में आरोप है कि विधायक और सांसद अयोग्यता की कार्रवाई से बचने के लिए रणनीति के तहत इस्तीफा देते हैं। इससे चुनी हुई सरकारों का बहुमत भी प्रभावित होता है। सीजेआई सूर्यकांत की तीन जजों की पीठ ने कानून मंत्रालय और संसदीय कार्य मंत्रालय से भी जवाब मांगा है।
भास्कर अपडेट्स:ममता के 20 बागी सांसदों का स्पीकर बिरला को जवाब- संविधान नहीं तोड़ा; NCPI में शामिल सांसद बोले- हम बहुमत में
तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने मंगलवार को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को जवाब सौंपा। दावा किया कि टीएमसी छोड़कर नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में शामिल होने से किसी संसदीय या संवैधानिक नियम का उल्लंघन नही...
संबंधित खबरें /
6 खबरेंहैदराबाद में संविधान दिवस पर बवाल: कांग्रेस और BRS कार्यकर्ता भिड़े, बिरयानी प्रोटेस्ट के दौरान हुई झड़प
तेलंगाना के हैदराबाद में संविधान दिवस के अवसर पर कांग्रेस और BRS कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई। BRS कार्...
ममता बनर्जी के भाई स्वपन बनर्जी ने भतीजे अभिषेक के खिलाफ मांगी FIR, लगाया धमकाने का आरोप
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भाई स्वपन बनर्जी ने अपने भतीजे अभिषेक बनर्जी पर रक्तदान शिविर में ब...
शाह बोले-संविधान को जेब में रखना, लहराना सम्मान नहीं:राहुल गांधी राजनीतिक दिखावे के लिए संविधान का इस्तेमाल करते हैं
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे संवैधा...
30 नवंबर को लोकसभा, 2 दिसंबर को राज्यसभा का सेशन:परिसीमन-महिला आरक्षण बिल आ सकता है; सरकार के पास 41 लोकसभा, 11 राज्यसभा सांसद कम
केंद्र सरकार ने संसद के दोनों सदनों की एक-एक दिन की बैठक बुलाई है। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक...
नागपुर में 'कॉकरोच जनता पार्टी' का प्रदर्शन: चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप, प्रेस कॉन्फ्रेंस में बजाई 'मोदी चालीसा'
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) आज नागपुर में 'सेव डेमोक्रेसी' कार्यक्रम आयोजित कर रही है। पार्टी के संस्थापक अभिजीत...
कैप्टन ने मोदी से पूछा- मेरी जरूरत है या नहीं:कहा- 5 साल में कभी राय नहीं ली; BJP अपनों पर ही भरोसा करती है
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता कैप्टन अमरिंदर सिंह पार्टी में दरकिनार किए जाने से आहत हैं। कै...