छीपाबड़ौद| जिला स्तरीय संस्कृति महोत्सव में कई प्रतियोगिताओं में पहला स्थान पाने वाली आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक स्कूल केलखेड़ी की 43 सदस्यीय टीम प्रांतीय संस्कृति महोत्सव में भाग लेने के लिए शनिवार को मांडलगढ़ के लिए रवाना हुई। टीम में शामिल विद्यार्थियों के साथ आचार्य-दीदी और गुरुजन भी गए हैं। प्रधानाचार्य हरिसिंह गोचर ने बताया कि रवाना होने से पहले हरिसिंह गोचर ने प्रतिभागियों का मुंह मीठा कराया। जिला स्तर की सफलता के बाद टीम अब प्रान्तीय मंच पर अपनी प्रतिभा, संस्कार और संस्कृति की छटा बिखेरने की तैयारी में है। प्रधानाचार्य हरिसिंह गोचर ने कहा कि जिला स्तर की सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, आचार्य-दीदी और गुरुजनों के मार्गदर्शन, स्कूल परिवार के सहयोग का नतीजा है। उन्होंने कहा कि प्रान्तीय स्तर पर भी सभी प्रतिभागी आत्मविश्वास, अनुशासन और समर्पण के साथ बेहतर प्रदर्शन कर केलखेड़ी का नाम गौरवान्वित करें।