बूंदी की केशोरायपाटन नगरपालिका की नवनिर्वाचित चेयरमैन अनुराधा मलिक ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ विधिवत रूप से अध्यक्ष की कुर्सी संभाली। इस दौरान साधु-संत भी मौजूद रहे। एसडीएम और प्रशासक जगदीश प्रसाद और अधिशाषी अधिकारी पूर्णिमा शर्मा ने उन्हें पदभार ग्रहण करवाया। नगरपालिका परिसर में आयोजित साधारण सभा में अध्यक्ष अनुराधा मलिक ने अपनी प्राथमिकताएं बताईं। उन्होंने कहा कि शहर की मूलभूत सुविधाओं जैसे सड़क, पानी, सफाई और लाइट को बेहतर बनाना उनकी पहली प्राथमिकता रहेगी। अनुराधा मलिक ने कहा कि धार्मिक नगरी केशोरायपाटन को पर्यटन के नक्शे पर विशेष पहचान दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। इस समारोह में कई लोग मौजूद रहे। इनमें लोकसभा अध्यक्ष के निजी सचिव हरिनंदन कहार, प्रभारी जगदीश जिंदल, अरुणा मीणा, हनुमान पारेता, नगर अध्यक्ष विनोद नामा और वाइस चेयरमैन आदर्श मालवीय शामिल थे। इसके अलावा सभी नवनिर्वाचित पार्षद, शहर के गणमान्य नागरिक, पालिका अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन रफीक रंगरेज और श्याम मनोहर भगत ने किया। जिला प्रवक्ता गौरव मलिक ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।