अलवर में एक फाइनेंस कंपनी में युवक ने कॉकरोच मारने की दवाई खा ली, जिससे वह मौके पर ही बेहोश हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि युवक दिल्ली में टैक्सी चलाता है। उसकी किश्त बकाया चल रही है। कंपनी कर्मचारी उसकी गाड़ी उठा ले गए, जिससे वह परेशान था। उसने कंपनी कंपनी में जहर खाने से पहले एक वीडियो भी बनाया था। युवक की पहचान खैरथल-तिजारा जिले के चावंडी निवासी सद्दाम के रूप में हुई है। दवा खाने से पहले उसने 6 मिनट 15 सेकेंड का वीडियो बनाया। इसमें उसने फाइनेंस कंपनी के कलेक्शन मैनेजर यशपाल वर्मा और इब्राहिम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। 48 में से 47 किश्तें भरीं, एक किश्त रह गई थी बकाया सद्दाम ने वीडियो में बताया कि उसने 2022 मॉडल की सेकंड हैंड डिजायर कार खरीदी थी, जिस पर फाइनेंस चल रहा था। लोन की कुल 48 किश्तें थीं, जिनमें से वह 47 किश्तें जमा करवा चुका था। आर्थिक परेशानी के कारण इस बार 16,368 रुपए की एक किश्त जमा नहीं करवा पाया था। युवक का आरोप है कि 10 अक्टूबर को कुछ लोगों ने उसकी कार रुकवाकर अपने कब्जे में ले ली। इसके बाद वह लगातार तीन दिन तक कलेक्शन मैनेजर यशपाल वर्मा के पास गाड़ी छुड़वाने के लिए चक्कर लगाता रहा। उसने बकाया किश्त जमा करवाने की बात भी कही, लेकिन उसकी गाड़ी नहीं छोड़ी गई। 2 लाख रुपए मांगने का आरोप सद्दाम ने वीडियो में आरोप लगाया कि यशपाल वर्मा ने उससे दो लाख रुपए देने को कहा और बताया कि रकम देने पर जयपुर स्थित हेड ऑफिस में बात करके गाड़ी छुड़वा दी जाएगी। युवक का दावा है कि वह केवल एक किश्त बकाया होने पर दो लाख रुपए की मांग से परेशान था। उसने यशपाल वर्मा और इब्राहिम पर मिलीभगत कर उसे परेशान करने का आरोप भी लगाया है। पुलिस और न्यायालय से कार्रवाई की अपील युवक ने वीडियो के साथ लिखे नोट में पुलिस अधिकारियों और न्यायालय से मामले में कार्रवाई करने की अपील की है। उसका कहना है कि उसके साथ गलत हुआ है और जिम्मेदार लोगों को सजा मिलनी चाहिए। घटना के बाद युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मामला 13 अक्टूबर की दोपहर का है, जिसका आज सुबह (15 अक्टूबर) वीडियो सामने आया है। एनईबी थाने के SHO सुनी लाल ने बताया कि फाइनेंस कंपनी में युवक के जहर खाने की सूचना मिली थी, जिसके बाद जाप्ता मौके पर भेजा था। लेकिन युवक सद्दाम को हॉस्पिटल पहुंचा दिया गया था। हॉस्पिटल में इलाज चलने के कारण उसके बयान नहीं हो पाए। युवक के बयान लेने के लिए आज एएसआई को भेजा गया। पीड़ित के भाई ने एनईबी थाना पुलिस को शिकायत दी है, जिसके बाद पुलिस ने बयान भी दर्ज कर लिए हैं।