भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर राजस्थान में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से रह गए पात्र नागरिकों और 18 वर्ष की आयु पूरी कर पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए युवाओं का पंजीकरण किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी राजस्थान नवीन महाजन ने बताया कि प्रदेश के सभी जिलों में जिला निर्वाचन अधिकारियों और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है। अभियान शुरू होने के बाद पिछले सात दिनों में विधानसभा क्षेत्रों से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए 57 हजार से अधिक Form-6 प्राप्त हो चुके हैं। स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता शिविर मतदाता पंजीकरण को लेकर युवाओं और आमजन को जागरूक करने के लिए इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब (ELC) के माध्यम से स्कूल-कॉलेजों में जागरूकता गतिविधियां और विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। जिला स्तर पर इन गतिविधियों की निगरानी जिला निर्वाचन अधिकारियों द्वारा की जा रही है। वहीं, निर्वाचन विभाग मुख्यालय से भी जिलों में चल रहे अभियान की नियमित समीक्षा और पर्यवेक्षण किया जा रहा है। अब घोषणा पत्र की जरूरत नहीं भारत निर्वाचन आयोग ने राजस्थान सहित SIR प्रक्रिया पूरी कर चुके राज्यों में मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया को और आसान कर दिया है। अब Form-6 (नया पंजीकरण) और Form-8 (संशोधन) के साथ SIR के दौरान जोड़े गए घोषणा पत्र की आवश्यकता नहीं होगी। पात्र नागरिक voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन Form-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (BLO) के माध्यम से भी आवेदन किया जा सकता है। परिवार और आसपास के पात्र लोगों को भी करें प्रेरित मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने पात्र नागरिकों से अपील की है कि वे अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज कराएं। साथ ही परिवार और आसपास के ऐसे युवाओं एवं पात्र नागरिकों को भी पंजीकरण के लिए प्रेरित करें, जिनका नाम अभी तक मतदाता सूची में दर्ज नहीं है। उन्होंने कहा कि सशक्त, सहभागी और समावेशी लोकतंत्र के उद्देश्य को पूरा करने के लिए निर्वाचन विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।