सीएम भजनलाल शर्मा ने सोमवार को अलवर, खैरथल-तिजारा और कोटपूतली-बहरोड़ के लिए 117 करोड़ रुपये के 95 कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। खैरथल में होटल ग्रीनलैंड में सभा को संबोधित करते हुए सीएम ने ईआरसीपी में नीमराणा बांध के कार्य को शुरू करने, 45 मीटर मास्टर प्लान सड़क के विकास, तिजारा से फिरोजपुर हरियाणा सीमा तक सड़क के सुदृढ़ीकरण, जिला मुख्यालय खैरथल में पीएचईडी के नए अधिशासी अभियंता पद और जयपुर विद्युत वितरण निगम के नए अधिशासी अभियंता कार्यालय की घोषणा भी की। सभा में सीएम भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। सहकारिता विभाग और पेपर लीक को लेकर पूर्ववर्ती सरकार को जमकर घेरा। सीएम ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग हवाई बातें करते हैं। चुनाव हारने के बाद ईवीएम को दोष देते हैं। सीएम भजनलाल बोले- कांग्रेस सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग हवा-हवाई बातें करते हैं। कांग्रेस के लोगों ने जनता से जुड़कर काम नहीं किया। जनता से जुड़कर काम करते तो ये दुर्गति नहीं होती। कांग्रेस के लोग हमारी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने का काम करते हैं। ये वो लोग हैं जो सेना पर भी आरोप लगाते हैं। ये लोग सुप्रीम कोर्ट और चुनाव आयोग पर आरोप लगाते हैं। जहां चुनाव हारते हैं वहां ईवीएम को दोष देते हैं। सीएम बोले-कांग्रेस ने सहकारिता को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया भजनलाल शर्मा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सहकारिता को भ्रष्टाचार का अड्डा बनाया। जब कॉपरेटिव की सदस्यता देनी होती थी तब एक- दो घंटे के लिए पोर्टल खोलते थे। अपने लोगों के तैयार रखते थे, केवल वही सदस्य बनते थे। अबकी बार हमने सहकारिता की सदस्यता को खोला है। एक एक ग्राम पंचायत में सहकारिता की समिति बनाएंगे। अब राजस्थान में 10 लाख लोग सहकारिता के सदस्य बने हैं। यहां देखें कार्यक्रम से जुड़ी तस्वीरें… पेपर लीक और नौकरियों को लेकर घेरा कांग्रेस ने युवाओं के सपनों को रौंदने का काम किया। जब हमने विधानसभा में कहा कि राजस्थान के 4 लाख युवाओं को नौकरी देंगे। तब कांग्रेस के लोगों ने कहा कि कैसे देंगे। तब मैने कहा कि आप डायरी पेन रख लीजिए। आपके सामने 1.89 लाख नियुक्ति पत्र दे दिए हैं। 1.22 लाख के पेपर हो गए। 1.25 लाख की वैकेंसी निकाल दी। अगर इनका गणित कमजोर हो तो ट्यूशन लगा लें। ढाई साल में कितना होगा। हमने तो पांच साल में 4 लाख के लिए कहा था। अभी तो ढाई साल हुए हैं। अब अगर कांग्रेस के लोग आएं तो बता देना। नहीं तो उनकी गाड़ी पर पर्चा चिपका देना। सीएम बोले-कांग्रेस बच्चों की ड्रेस में भी कांटा लगा देती थी भनजलाल शर्मा ने कहा- हमारी सरकार जब काम करती है तो इनको दर्द होता है। आपने कभी काम नहीं किया, आपने तो सिर्फ भ्रष्टाचार किया। हमारी बहनों को हम स्कूटी दे रहे हैं। हमारे छोटे भाई हैं उनको ड्रेस दे रहे हैं। ये लोग ड्रेस में भी कांटा लगा देते थे। स्कूटी में भी कांटा लगा देते थे। कहां से खरीदनी है, कहां से नहीं खरीदनी है। हम अब स्कूटी और ड्रेस का पैसा सीधा खाते में डाल रहे हैं। कांग्रेस ने हमेशा धोखा दिया है। चुनाव जब आते हैं तो धर्म और जातिवाद की बात करते हैं। मैं कहना चाहता हूं कि कांग्रेस ने किसका भला किया है। कांग्रेस नेताओं पर साधा निशाना भजनलाल शर्मा ने कहा कि जब हरियाणा से चल समझौता हुआ तो उस समय वहां चुनाव आ गए। वहां कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र ने कहा कि हमारी सरकार आई तो राजस्थान-हरियाणा के समझौते को रद्द कर देंगे। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा हमारे नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली घोषणा पत्र को हरियाणा में लॉन्च कर रहे थे। अब किस मुंह से राजस्थान की जनता से वोट मांग रहे हैं। केंद्रीय मंत्री बोले-कांग्रेस को निकाय में उम्मीदवार नहीं मिले भूपेंद्र यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा- चुनाव शुरु होने पर कांग्रेस के लोग तरह-तरह की बात करते थे। अब मुझे पता नहीं कि वह अलवर में रहते हैं या हिंदुस्तान में रहते हैं। कभी-कभी तो उनकी बातें ऐसी लगती हैं कि बाहर किसी दुनिया में रहने वाले लोग हैं। बोलते थे कि भारतीय जनता पार्टी को वोट ही नहीं मिलेगा। मगर उन्हें भिवाड़ी, किशनगढ़बास, गोविंदगढ़, खेड़ली में कोई उम्मीदवार नहीं मिला। हमारा अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुआ। अब जिनके पास निकाय में चुनाव लड़ने के लिए आदमी नहीं थे। वह बोल रहे थे कि भारतीय जनता पार्टी कहां से जीतेगी। कोई कांग्रेस से पूछे कि अलवर में 100 साल पुराना कॉपरेटिव बैंक था। उस कॉपरेटिव बैंक की दुर्गति करने का काम कांग्रेस का था। आज उनके पास कॉपरेटिव में भी काम करने वाले व्यक्ति नहीं है। भारतीय जनता पार्टी ने निर्विरोध कॉपरेटिव का भी चुनाव जीता है। हैलीपेड पर नेताओं ने किया स्वागत सीएम भजनलाल शर्मा दोपहर 3 बजे खैरथल स्थित होटल ग्रीनलैंड के पास स्थिति हैलीपेड पर बयाना से पहुंचे। जहां केंद्रीय भूपेंद्र यादव, मंत्री संजय सर्मा समेत जिले के विधायक और पूर्व विधायकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जिला प्रभारी अशोक सैनी, जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता मनीष पारीक, पूर्व विधायक जयराम जाटव, बन्नाराम मीना, पूर्व विधायक रामहेत सिंह यादव मौजूद रहे। जिले में सीएम का तीसरा दौरा मुख्यमंत्री बनने के बाद भजनलाल शर्मा का खैरथल-तिजारा जिले में यह तीसरा दौरा है। इससे पहले वे अप्रैल 2024 में लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में हुई जनसभा में पहुंचे थे। इसके बाद 4 जुलाई 2025 को तिजारा के असलीमपुर में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए थे। अब भाजपा का बोर्ड बनने के बाद खैरथल में उनका पहला दौरा है। … यह खबर भी पढ़ें CM बोले-नकारी गई पार्टी SIR पर सवाल खड़े कर रही:राहुल गांधी ने राफेल पर झूठ बोला,फिर कोर्ट में माफी मांगी; कांग्रेस से पूछे 5 सवाल सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- विपक्ष हमारी संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर करने की बात कर रहा है। पिछले 4-5 दिनों से विपक्ष खासतौर पर कांग्रेस पार्टी गलत तथ्यों के आधार पर संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)