खंडार नगर पालिका अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर नामांकन की अंतिम तिथि पर खंडार की सियासत में नया मोड़ आ गया। भाजपा ने राजेश खटीक को अध्यक्ष पद का उम्मीदवार बनाया है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व सरपंच हंसराज बैरवा को मैदान में उतारकर मुकाबले को नया राजनीतिक मोड़ दे दिया है। बताया जा रहा है कि हंसराज बैरवा के बेटे मानवेंद्र को भाजपा की ओर से अध्यक्ष पद का उम्मीदवार नहीं बनाए जाने के बाद हंसराज बैरवा ने कांग्रेस के साथ मिलकर अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इसके बाद अध्यक्ष पद को लेकर पालिका में राजनीतिक समीकरण बदलते नजर आ रहे हैं। 25 वार्डों में भाजपा 12, कांग्रेस 10 और निर्दलीय 3 नगर पालिका के 25 वार्डों में भाजपा ने 12, कांग्रेस ने 10 और निर्दलीय प्रत्याशियों ने 3 वार्डों में जीत दर्ज की है। अध्यक्ष पद के लिए बहुमत का आंकड़ा 13 है। ऐसे में भाजपा बहुमत से एक सीट दूर है, जबकि कांग्रेस भी निर्दलीय पार्षदों के समर्थन के बिना बहुमत तक नहीं पहुंचती।भाजपा के साथ फिलहाल 2 निर्दलीय और कांग्रेस के साथ 1 निर्दलीय पार्षद का समर्थन बताया जा रहा है। ऐसे में अध्यक्ष पद के मतदान में इन पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है। क्रॉस वोटिंग से बदल सकते हैं समीकरण अध्यक्ष पद के चुनाव में यदि किसी पक्ष के पार्षदों की ओर से क्रॉस वोटिंग होती है तो मौजूदा समीकरण बदल सकता है। यही कारण है कि दोनों दलों की नजर अपने-अपने पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षदों पर भी बनी हुई है। वहीं यदि हंसराज बैरवा अध्यक्ष चुने जाते हैं तो उनके पार्षद बनने को लेकर भी आगे की प्रक्रिया चर्चा में है। इस संबंध में वार्ड खाली होने और उसके बाद होने वाली प्रक्रिया की आधिकारिक पुष्टि आवश्यक होगी। 21 सितंबर को होगा फैसला खंडार नगर पालिका अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को मतदान होगा। अध्यक्ष का चुनाव सीधे जनता द्वारा नहीं, बल्कि निर्वाचित पार्षदों के मतदान से होगा। अब खंडार की राजनीति में सबसे बड़ा सवाल यही है कि 3 निर्दलीय पार्षद किस ओर जाएंगे और क्या मतदान के दौरान कोई नया राजनीतिक समीकरण सामने आएगा। 21 सितंबर का अध्यक्ष पद का चुनाव नगरपालिका के पहले बोर्ड की तस्वीर साफ करेगा। इनपुट - चंद्रप्रकाश शर्मा खंडार।