सीकर की खाटूश्यामजी नगर पालिका में आखिरकार 5 दिन बाद अध्यक्ष का परिणाम जारी हो गया। कांग्रेस की वार्ड नं-11 से पार्षद विनीता पूनियां एक वोट से चुनाव जीत गईं हैं। विनीता को 10 और भाजपा की प्रेम देवी को 9 वोट मिले। खाटूश्यामजी में वार्ड नंबर 10 की पार्षद लक्ष्मी देवी के वोट नहीं डालने की वजह से चुनाव परिणाम 5 दिन से अटका हुआ था। कोर्ट के निर्देशों के बाद निर्वाचन आयोग ने आज सुबह 10 बजे से मतगणना करवाई और इसके बाद परिणाम जारी हो गया। सीकर में 13 नगर निकायों के अध्यक्ष का परिणाम 21 सितंबर को जारी हो गया था, लेकिन खाटूश्यामजी में वोटों की गिनती नहीं हुई थी। आज रिटर्निंग ऑफिसर की गाड़ी में भारी पुलिस जाब्ते के साथ मतपेटी‌ को स्ट्रोंग रुम से नगरपालिका लाया गया। उसके बाद वीडियो रिकाॅर्डिंग में मतगणना हुई। चेयरमैन के चुनाव की काउंटिंग में कांग्रेस प्रत्याशी विनिता पूनियां जबकि भाजपा प्रत्याशी प्रेम देवी नहीं पहुंची। अब चेयरमैन चुनाव का रिजल्ट जारी होने के बाद 27 सितंबर को वाइस चेयरमैन के चुनाव होंगे। इस तरह चला घटनाक्रम यहां 21 सितंबर को चेयरमैन चुनाव की वोटिंग के दिन वार्ड नं-10 की पार्षद लक्ष्मी देवी वोट देने नहीं पहुंची थी। उस रात 11:30 बजे तक वोटिंग का टाइम बढ़ाया गया, लेकिन पार्षद लक्ष्मी देवी के वोट नहीं डालने पर चेयरमैन चुनाव स्थगित हो गए थे। लक्ष्मी देवी की किडनैपिंग की शिकायत पर 22 सितंबर को पुलिस ने पार्षद लक्ष्मी देवी को दस्तयाब कर घर भेज दिया। इसके बाद कांग्रेस की चेयरमैन प्रत्याशी विनिता पूनियां की याचिका पर कोर्ट ने पार्षद लक्ष्मी देवी का वोट नहीं डलवाने के निर्देश देते हुए चेयरमैन चुनाव करवाने के निर्देश दिए। कोर्ट के आदेश पर निर्वाचन आयोग ने 26 सितंबर को वोटिंग करवाने के निर्देश जारी कर दिए।