कोटा में आपसी रंजिश में बीटेक स्टूडेंट की हत्या कर दी गई। आरोपियों ने पहले स्टूडेंट को लाठी-डंडों से जमकर पीटा, फिर चाकू से वार किया। घटना सोमवार रात साढ़े 8 बजे अनंतपुरा थाना इलाके में कान्हा मैरिज गार्डन के सामने सोमवार रात 8:30 बजे की है। हमलावर स्टूडेंट के परिचित थे। दोनों पक्षों के बीच मार्च में किसी बात पर विवाद हुआ था। इसका बदला लेने के लिए आरोपियों ने स्टूडेंट का मर्डर कर दिया। स्टूडेंट के पिता की रिपोर्ट पर अनंतपुरा थाना में हत्या का मामला दर्ज किया है। थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया- आरोपियों की पहचान कर ली है, जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी। मार्च में हुआ था विवाद थाना अधिकारी महेश कारवाल ने बताया- भुवनेश नागर (19) निवासी शीला चौधरी रोड को कान्हा मैरिज गार्डन के सामने चाकू मारा गया था। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे घायल हालत में हॉस्पिटल लेकर गए, वहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कोटा मेडिकल कॉलेज में मंगलवार को पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को शव सौंप दिया। मामले में मुख्य आरोपी राहुल कुमार और उसके 4 साथी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। थाना अधिकारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा सामने आया है। मुख्य आरोपी राहुल कुमार ने एक मार्च को भुवनेश और उसके साथियों के खिलाफ मारपीट व चाकूबाजी का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके बाद से दोनों पक्षों में रंजिश थी। इकलौता बेटा था भुवनेश भुवनेश के पिता संजीव नागर किसान हैं। उन्होंने बताया कि भुवनेश इकलौता बेटा था। वह मोदी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (MIT), कोटा में बीटेक फर्स्ट ईयर का स्टूडेंट था। वह सोमवार रात को बाइक पर दोस्त से मिलने जा रहा था। रास्ते में उस पर हमला किया गया। हमला करने वाले युवक उड़िया बस्ती और बॉम्बे योजना की कच्ची बस्ती क्षेत्र में रहने वाले हैं। बेटा और हमलावर आपस में परिचित थे। दोनों के बीच मार्च में किसी बात पर विवाद हुआ था। विवाद क्या था, इस बारे में नहीं पता है।