कोटा के आरकेपुरम थाना क्षेत्र में बीसी यानी चिट फंड संचालन के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरकेपुरम मुक्तिधाम के पीछे रहने वाले कृष्ण मुरारी माहेश्वरी पर लोगों को बीसी का सदस्य बनाकर हर महीने रुपए जमा करवाने और बाद में रकम नहीं लौटाने के आरोप लगे हैं। आरकेपुरम थाने के एसआई धनराज ने बताया कि मामले में अब तक करीब 17 पीड़ित थाने में प्रार्थना पत्र दे चुके हैं। पुलिस के अनुसार पीड़ितों के बयानों में अलग-अलग रकम सामने आई है। किसी ने करीब एक लाख तो किसी ने डेढ़ लाख रुपए तक जमा करवाने की बात कही है। पुलिस रिकॉर्ड और शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। एक हजार लोगों से ठगी वहीं, आम आदमी पार्टी और पीड़ितों का दावा है कि बीसी के जरिए करीब 500 से 1000 लोगों से 8 से 10 करोड़ रुपए तक की ठगी की गई है। आरकेपुरम सेक्टर-7 निवासी जितेन्द्र पालीवाल ने आरोप लगाया कि पिछले करीब 5 वर्षों से लोगों से 2 से 5 हजार रुपए प्रतिमाह जमा करवाए जा रहे थे। आरोपी डायरी में लेन-देन का रिकॉर्ड भी दर्ज करता था। अब आरोपी दे रहे धमकी पीड़ितों का आरोप है कि अब रकम लौटाने में आनाकानी की जा रही है और उन्हें धमकियां भी दी जा रही हैं। आप कार्यकर्ताओं का आरोप है कि 25 अगस्त को शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने कार्रवाई नहीं की, बल्कि शिकायतकर्ताओं को ही नोटिस जारी कर दिए। उन्होंने आरोपी की गिरफ्तारी और पीड़ितों की रकम वापस दिलाने की मांग की है। इसे लेकर आप पार्टी और पीड़ितों ने धरना-प्रदर्शन कर एसपी को ज्ञापन देने की बात कही है।