कोटा नगर निगम के डिप्टी मेयर विवेद राजवंशी ने जीत के बाद शहर को देश में नंबर 1 बनाने की बात कहीं। उन्होंने कहा कि इंदौर की तर्ज पर शहर में साफ-सफाई करवाकर के विकास के काम करवाएं जाएंगे। उन्होंने विपक्ष पर प्रहार करते हुए कहा कि कांग्रेस डरकर डिप्टी मेयर चुनाव के मैदान में ही नहीं उतरी। शहर की प्राथमिकताओं पर भी भास्कर से बात की। पढ़िए- कोटा डिप्टी मेयर ने भास्कर से बात करते हुए और क्या कहा- सवाल: डिप्टी मेयर बनने के बाद आपकी सबसे पहली प्राथमिकता क्या रहने वाली है? विवेक राजवंशी: शहर की सफाई व्यवस्था सबसे प्राथमिकता है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के विजन के अनुसार शहर को इंदौर की तर्ज पर साफ किया जाएगा। हमारा शहर इंदौर की तरह साफ हो और देश में नंबर वन शहर बने, इसका प्रयास किया जाएगा। साल भर के अंदर कोटा को उस रैंकिंग तक पहुंचाने का पूरा प्रयास करेंगे। इसमें जनता का सहयोग जरूरी है। सवाल: पिछले बोर्ड में भी काफी प्रयास किए गए थे, इस बार क्या कार्ययोजना? क्योंकि आपका अनुभव पुराना है विवेक राजवंशी: काफी सारे सुधार लगातार हर बोर्ड में होते आए हैं लेकिन जो प्रॉपर सुधार होना चाहिए, वो सुधार नहीं हो पाया। अब जिम्मेदारी मिलेगी तो निश्चित रूप से वो सुधार करके बताएंगे। सवाल: कांग्रेस डिप्टी मेयर के चुनाव में मैदान में ही नहीं आई ? विवेक राजवंशी: कांग्रेस डर गई है। मेयर चुनाव में उनके वोट टूटकर बीजेपी को मिले थे। उनको (कांग्रेस) ये अंदेशा था कि आज 75 से ऊपर वोट चले गए तो बदनामी होगी। उस बदनामी से बचने के लिए बीजेपी वोट चोरी कर रही है, जैसे बहाने ढूंढ रही है। सवाल: राष्ट्रीय दशहरा मेला भी आने वाला है, इसे लेकर आपकी क्या योजना है? आपको पिछले बार्ड का भी अनुभव है विवेक राजवंशी: मुझे 2 साल मेला कराने का पूर्व अनुभव है, इसलिए इसमें कोई दिक्कत नहीं आएगी। पिछले 10 महीनों से बोर्ड नहीं था और अधिकारी ही काम देख रहे थे। हम जल्द अधिकारियों के साथ बैठक कर अब तक की कार्यप्रणाली की समीक्षा करेंगे और द्रुत गति से काम करके मेले को भव्य रूप से आयोजित करेंगे। सवाल: आपके कार्यकाल की शुरुआती 3 मुख्य प्राथमिकताएं क्या होंगी? विवेक राजवंशी: सबसे बड़ी प्राथमिकता शहर की सफाई चाहे सड़क की सफाई हो, चाहे नाले की सफाई हो, चाहे सीवरेज लाइन की सफाई हो। दूसरे नंबर पे रोड लाइट की व्यवस्था। तीसरे नंबर पे हमारा जो मेला, राष्ट्रीय दशहरा मेला है, इसको जो इसका नाम है उसी के अनुरूप इसको भव्य बनाया जाए, यह हमारा प्रयास रहेगा। लोकसभा अध्यक्ष जी के विजन से, नरेंद्र मोदी जी के विजन से काम करेंगे।