कोटा की सड़कों पर रविवार सुबह फिटनेस और उत्साह का नजारा देखने को मिला। कोटा गांडिव डिवीजन के स्वर्ण जयंती समारोह के तहत गांडिव हाफ मैराथन-1.0 में 1500 से ज्यादा धावकों ने दौड़ लगाई। खास बात यह रही कि कोटा मिलिट्री स्टेशन की ओर से आयोजित मैराथन में 5 साल के बच्चों से लेकर 75 साल के बुजुर्ग तक शामिल हुए और सभी ने पूरे उत्साह के साथ दौड़कर फिटनेस का संदेश दिया। मैराथन में सेना के मेजर, सेवानिवृत्त ब्रिगेडियर, पूर्व सैनिक, कोटा पुलिस एसपी और पुलिस के जवान,युवा, महिलाएं और आम नागरिक एक साथ दौड़ते नजर आए। पहले देखिए, गांडिव मैराथन की 2 PHOTO'S मेडिकल टीम और फिजियोथेरेपी की व्यवस्था मैराथन में 21 किमी, हाफ मैराथन 10 किमी और 3 किमी फन रन आयोजित की गई। इसका रूट महाराव उम्मेद सिंह स्टेडियम से अर्जुन गेट, हल्दीघाटी गेट, माला फाटक और आर्मी स्कूल होते हुए वापस स्टेडियम तक रहा। प्रतिभागियों के लिए मेडिकल टीम और फिजियोथेरेपी की व्यवस्था भी की गई। 21 किमी पुरुष वर्ग में परविन पाटील प्रथम, अभिषेक द्वितीय और रोहित तृतीय रहे। महिला वर्ग में दीपा यादव प्रथम, अश्विन द्वितीय और शीतल तृतीय स्थान पर रहीं। 10 किमी पुरुष वर्ग में लॉरेंस, विनोद पाटील और ओमकार माने पहले तीन स्थान पर रहे। महिला वर्ग में राशी, अंजली और अरुणा तीन स्थान हासिल किए। सेना और नागरिकों के बीच सहभागिता और जुड़ाव का संदेश आयोजन में धावकों ने इसे फिटनेस, अनुशासन और देशभक्ति से जुड़ा अनुभव बताया। मैराथन के जरिए सेना और नागरिकों के बीच सहभागिता और जुड़ाव का संदेश दिया गया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया।