कोटा में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में दो लोगों की मौत के मामले सामने आए हैं। बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में खाना खाकर सोए 42 वर्षीय होमगार्ड अमित की मौत हो गई। परिजन उसे गंभीर हालत में एमबीएस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां ड्यूटी डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। खाना खा कर सोया, फिर नहीं उठा मृतक के पिता रिटायर्ड ASI भरत कुमार ने बताया कि अमित बोरखेड़ा इलाके में परिवार के साथ रहता था। जन्माष्टमी के अवसर पर शनिवार को उसकी ड्यूटी मथुराधीश मंदिर में लगाई गई थी। देर रात ड्यूटी पूरी कर वह घर लौटा और दूसरे दिन खाना खाने के बाद सो गया। रात में उसे एक बार उल्टी हुई। सुबह परिजनों ने देखा तो वह बेसुध हालत में मिला। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। फंदा लगा कर किया सुसाइड वहीं, विज्ञान नगर थाना क्षेत्र में 37 वर्षीय कैलाश चंद ने घर पर पंखे से फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। वह अंबेडकर नगर का रहने वाला था और प्रिंटिंग प्रेस पर काम करता था। परिजनों के अनुसार कैलाश ने रात करीब 1 बजे फंदा लगाया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। विज्ञान नगर थाना पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम करवाकर शव सौंप दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।