कोटा जिले की 5 में से 4 नगरपालिकाओं में भाजपा ने जीत दर्ज कर अपना बोर्ड बना लिया है। चारों नगर पालिकाओं सांगोद, रामगंजमंडी, सुल्तानपुर और इटावा में वोटिंग खत्म हो गई है। भाजपा की जीत से भाजपा खेमे में खुशी का माहौल है। हालांकि, सुकेत नगर पालिका में अध्यक्ष पद का चुनाव 25 सितंबर को होगा। इससे पहले रामगंजमंडी में मंत्री मदन दिलावर के काफिले को रोककर विरोध किया गया। पार्षद की पत्नी ने मंत्री के खिलाफ ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए। घटना के दौरान मौके पर कुछ देर के लिए माहौल गरमाया रहा। सुल्तानपुर में अध्यक्ष पद के मतदान को लेकर हंगामा हो गया। कांग्रेस-बीजेपी के कार्यकर्ता नारेबाजी करने लगे। पुलिस ने सड़क पर लाठियां फटकार कर हंगामा कर रहे कार्यकर्ताओं को हटाया। इस दौरान सुल्तानपुर में बीजेपी के पार्षदों को लाने वाली गाड़ी का किसी ने पत्थर मारकर का शीशा तोड़ दिया। वहीं कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस द्वारा पकड़ने के विरोध में विधायक चेतन पटेल ने विरोध जताया। थाने के बाहर धरने पर बैठ गए, जहां विधायक चेतन पटेल की पुलिस अधिकारियों से बहस भी हुई। अब देखिए, PHOTO'S सुल्तानपुर की नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष ने थाने में दी शिकायत भाजपा की नवनिर्वाचित पालिका अध्यक्ष अनिता मेघवाल ने भाजपा की गाड़ी पर पथराव, महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की और लज्जा भंग करने और गाड़ी की चाबी निकालने के आरोप लगाया। सुल्तानपुर थाने में शिकायत देकर करीब डेढ़ दर्जन लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की। भाजपा पार्षद लापता, पत्नी ने थाने में दी शिकायत दूसरी तरफ रामगंजमंडी में भाजपा पार्षद महेश श्रीवास्तव के लापता होने का मामला भी सामने आया है। जिसकी शिकायत देने उनकी पत्नी कल्पना थाने पहुंची। कल्पना ने आरोप लगाया कि सभी लोग बाड़ाबंदी से वापस आ गए हैं। अभी उसके पति का कोई पता नहीं लगा है, वो कहां पर है। इससे पहले कल्पना ने मंत्री मदन दिलावर की गाड़ी रोक कर मुर्दाबाद के नारे लगाए। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के करीबी हैं चंद्र प्रकाश सोनी सांगोद नगर पालिका में भाजपा के चंद्र प्रकाश सोनी अध्यक्ष बन गए हैं। चंद्रप्रकाश सोनी को 24 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के बृजमोहन रेगर को मात्र 11 वोट मिले। चंद्र प्रकाश को 13 वोटों से जीत मिली है। चंद्र प्रकाश वर्तमान में सांगोद भाजपा के मंडल अध्यक्ष हैं। पहली बार चुनाव जीतकर पार्षद बने हैं। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के करीबी हैं। इटावा में भाजपा के समर्थन से निर्दलीय पार्षद की जीत इटावा नगर पालिका में निर्दलीय पार्षद निर्मला नागर भाजपा के समर्थन से अध्यक्ष बनी है। निर्मला नागर को 20, जबकि कांग्रेस की निकिता पारेता को 15 वोट मिले। 35 वार्डों वाली इटावा नगरपालिका में कांग्रेस ने 16 सीटें जीती, जबकि भाजपा को 14 सीटें मिली। 5 वार्डों में निर्दलीय उम्मीदवार जीते थे। सुल्तानपुर में भी भाजपा का कब्जा सुल्तानपुर नगरपालिका अध्यक्ष पद चुनाव में भाजपा से अनिता मेघवाल ने जीत हासिल की है। भाजपा की अनिता मेघवाल को 13 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के मुकेश उदयराज को 12 वोट मिले। अनिता मेघवाल 1 वोट से जीती है। सुल्तानपुर नगर पालिका के 25 वार्डों में भाजपा ने 13 सीटें, कांग्रेस ने 11 सीटें और एक सीट निर्दलीय प्रत्याशी ने जीती हैं। अनिता भाजपा की सक्रिय राजनीति में लंबे समय से जुड़ी हुई हैं। अनिता भाजपा पदाधिकारी भी रह चुकी हैं। रामगंजमंडी नगर पालिका में भी भाजपा की जीत रामगंजमंडी नगर पालिका में भी भाजपा की जीत हुई है। भाजपा के नरेंद्र काला को 24 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पवन बाबेल को 14 वोट मिले। एक वोट निरस्त हुआ। यहां एक भाजपा के पार्षद महेश श्रीवास्तव वोट डालने नहीं पहुंचे। 40 वार्ड वाली इस नगर पालिका में भाजपा ने 24 सीटें जीती थी। जबकि कांग्रेस को 14 सीट मिली थी। वहीं दो निर्दलीय चुनाव जीत कर पार्षद बने। नरेंद्र काला भाजपा जिला देहात उपाध्यक्ष है। कोटा स्टोन एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं।