कोटा के नयापुरा थाना क्षेत्र की आकाशवाणी कॉलोनी में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने 100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर दो आरोपियों को बारां से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी की पानी की मोटर, बिजली के तार और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई है। नयापुरा थाना अधिकारी राजपाल सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर को सुबह 11 बजे के बीच न्यू आकाशवाणी कॉलोनी निवासी रजा खान के घर से पानी की मोटर और बिजली के तार चोरी हो गए थे। पीड़ित की रिपोर्ट पर नयापुरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 100 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली वारदात के खुलासे के लिए थानाधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने करीब 100 निजी CCTV कैमरों की फुटेज का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों का रूट ट्रेस किया और मुखबिर की सूचना पर बारां से दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दो आरोपी गिरफ्तार पुलिस ने मामले में बारां निवासी लोकेश प्रजापत (32) और विज्ञान नगर निवासी रिजवान (48) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, टीम ने लगातार 7 दिन तक अभियान चलाकर आरोपियों तक पहुंच बनाई।