कोटा में पंचायत चुनाव-2026 में ड्यूटी से स्वास्थ्य कारणों के चलते छुट्टी चाहने वाले कर्मचारियों के लिए मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट अनिवार्य होगी। जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि केवल स्वास्थ्य समस्या का हवाला देकर आवेदन देने या बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर चुनाव ड्यूटी से मुक्ति नहीं मिलेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया ने महाराव भीम सिंह हॉस्पिटल (एमबीएस) कोटा के अधीक्षक को मेडिकल बोर्ड गठित करने के निर्देश दिए हैं। मेडिकल बोर्ड चुनाव ड्यूटी में नियुक्त कार्मिकों और अधिकारियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर रिपोर्ट देगा। स्वास्थ्य कारणों से ड्यूटी से मुक्ति के लिए प्राप्त आवेदनों पर मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही निर्णय लिया जाएगा। बिना उचित कारण अनुपस्थिति मान्य नहीं होगी निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि स्वास्थ्य संबंधी वास्तविक समस्या होने पर संबंधित कार्मिक को निर्धारित प्रक्रिया के तहत मेडिकल बोर्ड से स्वास्थ्य परीक्षण करवाना होगा। बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर सक्षम स्तर से लिया गया निर्णय ही चुनाव ड्यूटी से छूट या मुक्ति के लिए मान्य होगा। केवल प्रार्थना-पत्र देने या बिना उचित कारण ड्यूटी से अनुपस्थित रहने को ड्यूटी से मुक्ति नहीं माना जाएगा।