कोटा में रविवार को विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर संस्कृति और विरासत का संगम देखने को मिला। जिला प्रशासन की देखरेख में पर्यटन विभाग और पर्यटन व्यवसाय से जुड़ी संस्थाओं के सहयोग से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस दौरान शहर के पर्यटन और ऐतिहासिक स्थलों पर दिनभर सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस दौरान चंबल रिवर फ्रंट पर श्रमदान किया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रमों के तहत विभिन्न स्थानों पर पौधारोपण किया गया और अतिथियों का स्वागत किया गया। वहीं हेरिटेज वॉक के जरिए शहर की ऐतिहासिक विरासत और प्रमुख धरोहरों की जानकारी दी गई। इस दौरान लोक कलाकारों ने पारंपरिक प्रस्तुतियां देकर कार्यक्रम में रंग जमाया।कलाकारों की प्रस्तुतियों के जरिए राजस्थान की लोक संस्कृति और कोटा की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया गया। आयोजन का उद्देश्य कोटा के पर्यटन स्थलों, ऐतिहासिक धरोहरों और लोक संस्कृति को लोगों तक पहुंचाना और पर्यटन को बढ़ावा देना है। जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग की ओर से विश्व पर्यटन दिवस पर शहर की विरासत को संरक्षित करने और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।