कोटा शहर के अनंतपुरा थाना क्षेत्र स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में सोमवार की सुबह ट्रक का टायर फटने से खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दुकान के बाहर टायर में हवा भरते समय हुआ। धमाका इतना तेज था कि पास खड़ा खलासी राजू (40) इसकी चपेट में आ गया और गंभीर घायल हो गया। ट्रक चालक अब्दुल सलीम (50) ने बताया कि वे सब्जी मंडी में माल खाली करने आए थे। इसके बाद ट्रक का टायर बदलवाने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर पहुंचे। दुकान पर नया टायर लगाकर उसमें हवा भरी जा रही थी। इसी दौरान अचानक टायर तेज धमाके के साथ फट गया। हादसे में ट्रक का खलासी राजू गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने घायल को तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलने पर अनंतपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई।